SGRRU के रंगीन मंच पर विद्यार्थियों ने दिखाया भारतीय परंपराओं का जीवंत रूप

Spread the love

देहरादून। श्री गुरु राम राय विश्वविद्यालय का हैलीपैड मैदान रविवार को मां दुर्गा की आराधना, गरबा-डांडिया की थिरकन और पारंपरिक मंडाण की मधुर धुनों से सराबोर हो उठा। नवरंग डांडिया 3.0 की रंगीन संध्या में भक्ति और उत्सव का अनोखा संगम देखने को मिला।

संध्या की शुरुआत पूजा-अर्चना, आरती और शंखनाद के साथ हुई। दीप प्रज्ज्वलन कर कार्यक्रम का शुभारंभ प्रेसिडेंट के सलाहकार प्रो. (डाॅ.) प्रथप्पन के. पिल्लई, कुलसचिव डाॅ. लोकेश गम्भीर, चेयरपर्सन डाॅ. मालविका सती कांडपाल और काॅर्डिनेटर डाॅ. आर.पी. सिंह ने संयुक्त रूप से किया।

प्रो. (डाॅ.) प्रथप्पन के. पिल्लई ने कहा कि नवरंग डांडिया विविधता में एकता का जीवंत उदाहरण है। ऐसे सांस्कृतिक आयोजन विद्यार्थियों में ऊर्जा, उत्साह और सामाजिक जुड़ाव को प्रबल करते हैं। उन्होंने आशा व्यक्त की कि यह उत्सव विद्यार्थियों को भारतीय परंपराओं और सहयोग की भावना से जोड़ेगा।

कार्यक्रम में छात्र-छात्राओं ने बंगाली धनुची नृत्य से मां दुर्गा की भक्ति का अद्भुत प्रदर्शन किया। इसके बाद गरबा और डांडिया की रंगीन थिरकन ने पंडाल को उल्लास से भर दिया। हाई वोल्टेज डीजे बीट्स पर फैकल्टी और छात्र-छात्राओं ने देर रात तक जमकर नृत्य का आनंद लिया। मंच संचालन शुभम ने कुशलता से किया।

नवरात्रि व्यंजनों में बंगाली, गुजराती, पहाड़ी और पारंपरिक व्यंजनों का स्वाद आयोजन की विशेषता बना। मैदान में छात्र-छात्राओं की आधुनिक और पारंपरिक परिधानों की छटा, थिरकते कदम और गूंजती तालियों ने संध्या को अविस्मरणीय बना दिया।

इस अवसर पर श्री गुरु राम राय विश्वविद्यालय के प्रेसिडेंट श्रीमहंत देवेन्द्र दास जी महाराज ने सभी देशवासियों को शारदीय नवरात्र की शुभकामनाएं दीं। कार्यक्रम में विश्वविद्यालय के सभी स्कूलों के डीन, विभागाध्यक्ष, फेकल्टी सदस्य और हजारों छात्र-छात्राएं शामिल रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *