DM बंसल की पारदर्शिता मुहिम तेज, माजरा स्थित CSC सेंटर पर लगा ताला

Spread the love

देहरादून। जिलाधिकारी सविन बंसल की सख्त निगरानी और पारदर्शिता अभियान के तहत जिला प्रशासन ने सहारनपुर रोड माजरा स्थित देवभूमि CSC सेंटर पर बड़ी कार्रवाई करते हुए केंद्र को तत्काल प्रभाव से सील कर दिया। बंसल के निर्देश पर चल रहे जिलेव्यापी निरीक्षण अभियान के दौरान केंद्र में गंभीर अनियमितताएं सामने आईं।

DM बंसल के आदेश पर उप जिलाधिकारी कुमकुम जोशी और तहसीलदार सुरेंद्र देव के नेतृत्व में प्रशासनिक टीम ने औचक निरीक्षण किया। जांच के दौरान केंद्र पर निर्वाचन संबंधी कई दस्तावेज़ बरामद हुए, जिनके बारे में पूछे जाने पर संचालक अब्दुल वसीम और आसिफ कोई भी स्पष्ट या संतोषजनक जानकारी नहीं दे पाए।

प्रशासन ने तत्काल एक्शन लेते हुए देवभूमि CSC सेंटर (आईडी 2756 23770017) को सील कर दिया और अग्रिम आदेशों तक इसका संचालन बंद कर दिया।

DM की ‘जीरो टॉलरेंस’ नीति के तहत मिली कई बड़ी कमियां

निरीक्षण में टीम को केंद्र में—

निर्वाचन संबंधी संवेदनशील दस्तावेज,

रेट लिस्ट का अभाव,

प्रमाण पत्रों की पंजिका का कोई रिकॉर्ड नहीं,

लेन-देन विवरणों की अपारदर्शिता,

विभिन्न सेवाओं में नियमों का खुला उल्लंघन

जैसी गंभीर खामियां मिलीं।

DM सविन बंसल ने स्पष्ट किया कि किसी भी जनसेवा केंद्र में नियमों का उल्लंघन, उपभोक्ता शोषण या पारदर्शिता की कमी बर्दाश्त नहीं की जाएगी। उन्होंने कहा कि
“जनहित सर्वोपरि है। प्रशासन यह सुनिश्चित करेगा कि सभी सेवाएं पारदर्शी, सुरक्षित और नियमों के अनुरूप संचालित हों।”

CSC सेंटरों पर अभियान तेज

बंसल ने बताया कि जिलेभर में सभी CSC सेंटरों का सतर्कता अभियान जारी रहेगा और जहां भी नियमों का उल्लंघन मिले, वहाँ तुरंत ताला लगेगा।
उन्होंने प्रशासनिक टीम की तत्पर कार्रवाई की सराहना करते हुए कहा कि ऐसी निरीक्षण प्रक्रियाएं आगे भी नियमित रूप से होती रहेंगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *