जोगियाना रिजॉर्ट मामला: पार्टनरशिप से इनकार, चेतन नेगी पर मानसिक उत्पीड़न का आरोप

Spread the love

ऋषिकेश। बुधवार को रेलवे रोड स्थित एक होटल में आयोजित संयुक्त पत्रकार वार्ता में रविंद्र मिश्रा और उनकी पार्टनर साध्वी श्रीवास्तव के पति मनीष श्रीवास्तव ने जोगियाना (मोहन चट्टी) स्थित अपने रिजॉर्ट को लेकर चल रहे विवाद पर अपनी स्थिति स्पष्ट की।

पत्रकार वार्ता में बताया गया कि मोहन चट्टी स्थित जोगियाना में स्थित उक्त रिजॉर्ट को उन्होंने भूस्वामी केसर सिंह विष्ट से 12 वर्षों के लिए लीज पर लिया है। प्रारंभ में इस व्यवसाय में तीन पार्टनर थे, लेकिन निजी कारणों से एक पार्टनर ने पार्टनरशिप छोड़ दी। वर्तमान में केवल रविंद्र मिश्रा और साध्वी श्रीवास्तव ही इसके दो पार्टनर हैं। उन्होंने स्पष्ट किया कि इस रिजॉर्ट में चेतन सिंह नेगी नाम का कोई भी व्यक्ति पार्टनर नहीं है।

उन्होंने बताया कि 3 मई 2022 को अक्षय तृतीया के शुभ अवसर पर रिजॉर्ट का विधिवत शुभारंभ किया गया था। उस समय चेतन सिंह नेगी रिजॉर्ट में केवल एक कर्मचारी के रूप में कार्यरत था। उससे संबंधित विवाद वर्तमान में न्यायालय में विचाराधीन है।

रविंद्र मिश्रा ने आरोप लगाया कि 19 दिसंबर 2025 को चेतन सिंह नेगी द्वारा की गई प्रेस वार्ता में उनके खिलाफ लगाए गए सभी आरोप पूरी तरह निराधार और बेबुनियाद हैं। उन्होंने कहा कि चेतन सिंह नेगी कभी भी रिजॉर्ट का पार्टनर नहीं रहा, इसके बावजूद उसने फर्जी दस्तावेज तैयार कर रिजॉर्ट को लीज पर देने का प्रयास किया और किराया भी कथित रूप से फर्जी तरीके से अपने खाते में जमा कराया।

मामले की जानकारी मिलने पर जब उन्होंने आपत्ति दर्ज की, तो चेतन सिंह नेगी द्वारा उन्हें धमकाने का प्रयास किया गया। रविंद्र मिश्रा ने चेतन सिंह नेगी पर विभिन्न घोटालों में संलिप्त रहने के आरोप भी लगाए और कहा कि उक्त व्यक्ति इस मामले में पूर्व में जेल भी जा चुका है।

उन्होंने आरोप लगाया कि जेल से बाहर आने के बाद चेतन सिंह नेगी उन्हें मानसिक रूप से प्रताड़ित कर रहा है और बिना तथ्यों के लगातार झूठे आरोप लगाकर उनकी छवि धूमिल करने का प्रयास कर रहा है।

पत्रकार वार्ता में उन्होंने न्यायालय पर पूरा भरोसा जताते हुए कहा कि सच्चाई शीघ्र ही सामने आएगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *