संवेदना, सम्मान और विश्वास का संगम: डीएम सविन बंसल की पहल बनी संरक्षण गृहों के लिए संजीवनी

Spread the love

देहरादून। जिला प्रशासन ने जिलाधिकारी सविन बंसल के नेतृत्व में एक बार फिर यह साबित किया है कि प्रशासनिक निर्णय यदि संवेदनशील सोच से लिए जाएं, तो वे टूटे मनोबल को संबल और बिखरे सपनों को नई दिशा दे सकते हैं। डीएम सविन बंसल की पहल पर नारी निकेतन एवं बालिका निकेतन में निवासरत महिलाओं और बालिकाओं के लिए आयोजित विशेष एक्सपोजर विजिट उनके मानसिक, सामाजिक और भावनात्मक सशक्तिकरण की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम साबित हुई।

इस मानवीय पहल का उद्देश्य केवल मनोरंजन नहीं, बल्कि संरक्षण गृहों में रह रही संवासिनियों और बालिकाओं को समाज की मुख्यधारा से जोड़ते हुए उनमें आत्मविश्वास, अपनत्व और सकारात्मक सोच विकसित करना रहा।
जिलाधिकारी के मार्गदर्शन में नारी निकेतन की संवासिनियों को क्रॉसरोड मॉल ले जाया गया, जहां उन्हें देशभक्ति से ओतप्रोत फिल्म ‘बॉर्डर-2’ दिखाई गई। इसके पश्चात उन्हें स्नेहपूर्ण वातावरण में भोजन कराया गया तथा विभिन्न प्रतिष्ठानों का अवलोकन कराया गया।

इस दौरान संवासिनियों के चेहरों पर दिखाई देती खुशी, आत्मसम्मान और विश्वास इस बात का प्रमाण थी कि वे स्वयं को फिर से समाज का हिस्सा महसूस कर रही हैं। यह अनुभव उनके भीतर नई आशा, नई शुरुआत और आत्मनिर्भर भविष्य की प्रेरणा बनकर उभरा।

इसी क्रम में डीएम सविन बंसल के निर्देश पर बालिका निकेतन की बालिकाओं को सिल्वर सिटी मॉल, पेसिफिक मॉल एवं राजपुर रोड स्थित राष्ट्रपति निकेतन का शैक्षिक एवं सांस्कृतिक भ्रमण कराया गया। बालिकाओं को देशभक्ति फिल्म दिखाई गई तथा भ्रमण के दौरान सुरक्षा, देखरेख और जलपान की समुचित व्यवस्था जिला प्रशासन द्वारा सुनिश्चित की गई। इस एक्सपोजर विजिट के माध्यम से बालिकाओं को सामाजिक परिवेश, सांस्कृतिक मूल्यों और व्यावहारिक ज्ञान से रूबरू होने का अवसर मिला।

जिलाधिकारी सविन बंसल ने स्पष्ट किया कि ऐसे कार्यक्रम केवल भ्रमण नहीं, बल्कि संरक्षण गृहों में रह रही महिलाओं और बालिकाओं को सम्मानजनक सामाजिक अनुभव देने का सशक्त माध्यम हैं। उन्होंने कहा कि यदि इन संवासिनियों को सामान्य सामाजिक वातावरण, स्नेह और विश्वास मिले, तो उनका पुनर्वास अधिक प्रभावी और स्थायी बन सकता है। डीएम ने यह भी कहा कि जिला प्रशासन भविष्य में भी इसी संवेदनशील दृष्टिकोण के साथ ऐसे मानवीय प्रयास निरंतर जारी रखेगा।

डीएम सविन बंसल के नेतृत्व में जिला प्रशासन द्वारा किया गया यह आयोजन न केवल मुस्कान लेकर आया, बल्कि इन महिलाओं और बालिकाओं के सपनों को नई दिशा, आत्मबल और आत्मविश्वास भी दे गया। यह पहल प्रशासनिक संवेदनशीलता, मानवीय सोच और सामाजिक उत्तरदायित्व की एक प्रेरणादायी मिसाल बनकर सामने आई है।

इस दौरान जिला प्रोबेशन अधिकारी मीना बिष्ट, नारी निकेतन की अधीक्षिका सोनल राणा सहित केंद्र का समस्त स्टाफ उपस्थित रहा, जिन्होंने पूरे कार्यक्रम को सुरक्षित और सफलतापूर्वक सम्पन्न कराया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *