देहरादून। दरबार श्री गुरु राम राय जी महाराज के सज्जादे गद्दीनशीन एवं पूजनीय श्री महंत देवेन्द्र दास जी महाराज के जन्मदिवस (प्रकटोत्सव 10 फरवरी) के पावन अवसर पर श्री महंत इन्दिरेश अस्पताल, देहरादून द्वारा आयोजित विशाल निःशुल्क स्वास्थ्य शिविर ने हजारों गरीबों और असहाय मरीजों के लिए आशा की किरण बनकर सामने आया।
शिविर में उत्तराखण्ड सहित सहारनपुर, बिजनौर, धामपुर, पोंटा साहिब जैसे दूरस्थ क्षेत्रों से 5304 मरीजों ने सामान्य एवं सुपरस्पेशलिटी स्वास्थ्य सेवाओं का निःशुल्क लाभ उठाया। विशेष रूप से दो हजार से अधिक मरीजों ने एमआरआई, सीटी स्कैन, अल्ट्रासाउंड और लैब जांचें मुफ्त करवाईं, जो आमतौर पर गरीब परिवारों के लिए पहुँच से बाहर होती हैं।
अस्पताल के चिकित्सा अधीक्षक डॉ. गौरव रतूड़ी ने बताया कि शिविर सुबह 8 बजे से पंजीकरण प्रारंभ हुआ और विशेषज्ञ डॉक्टरों ने मरीजों का परीक्षण व उपचार दोपहर 3 बजे तक पूरी निष्ठा के साथ किया। सभी मरीजों को तीन दिन की दवाइयां भी निःशुल्क वितरित की गईं।
चेयरमैन पूजनीय श्री महंत देवेन्द्र दास जी महाराज का उद्देश्य समाज के अंतिम छोर पर खड़े व्यक्ति तक भी उच्च गुणवत्ता वाली चिकित्सा सेवाएं पहुँचाना है।
यही संकल्प इस विशाल शिविर में साकार होता नजर आया, जहाँ ऑपरेशन और अन्य चिकित्सकीय प्रक्रियाएं भी पूर्णतः निःशुल्क संपन्न कराई गईं।
शिविर में इलाज कराने आए मरीजों ने अस्पताल प्रबंधन का आभार व्यक्त किया और इसे “सच में संजीवनी” बताया। यह आयोजन केवल स्वास्थ्य शिविर नहीं, बल्कि मानवता, करुणा और सामाजिक उत्तरदायित्व की जीवंत मिसाल है।
