गुर्दा स्वास्थ्य पर जागरूकता का संदेश: श्री महंत इन्दिरेश अस्पताल में हुआ विशेष कार्यक्रम

Spread the love

देहरादून। विश्व किडनी दिवस के अवसर पर श्री गुरु राम राय इंस्टीट्यूट ऑफ मेडिकल एंड हेल्थ साइंसेज के किडनी रोग विभाग की ओर से जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। इस मौके पर श्री महंत इन्दिरेश अस्पताल में रैली, संगोष्ठी और विभिन्न जागरूकता गतिविधियों का आयोजन किया गया, जिसमें करीब 200 डॉक्टरों, मेडिकल छात्रों और स्टाफ ने भाग लिया।
कार्यक्रम के तहत गुरुवार को एसजीआरआर मेडिकल कॉलेज परिसर से जागरूकता रैली निकाली गई। रैली को कॉलेज के प्राचार्य डॉ. उत्कर्ष शर्मा, अस्पताल के मुख्य चिकित्सा अधीक्षक डॉ. अनिल कुमार मलिक और चिकित्सा अधीक्षक डॉ. गौरव रतूड़ी ने हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। रैली एसजीआरआर मेडिकल कॉलेज से शुरू होकर एसजीआरआर पीजी कॉलेज पथरी बाग तक गई और वहीं से वापस संस्थान परिसर में आकर संपन्न हुई।
इस वर्ष विश्व किडनी दिवस की थीम “गुर्दा स्वास्थ्य सबके लिए” रखी गई। रैली में शामिल डॉक्टरों और छात्रों ने हाथों में जागरूकता स्लोगन लेकर लोगों को किडनी की देखभाल के प्रति जागरूक किया। उन्होंने संतुलित आहार लेने, नियमित व्यायाम करने, स्वच्छ पानी पीने, धूम्रपान से दूर रहने तथा ब्लड प्रेशर और शुगर को नियंत्रित रखने का संदेश दिया।
श्री महंत इन्दिरेश अस्पताल के गुर्दा रोग विभागाध्यक्ष डॉ. आलोक कुमार ने कहा कि ब्लड शुगर और ब्लड प्रेशर को नियंत्रित रखकर किडनी रोगों से काफी हद तक बचाव किया जा सकता है। उन्होंने बताया कि दर्द निवारक दवाइयों का अनावश्यक सेवन भी किडनी को नुकसान पहुंचा सकता है, इसलिए चिकित्सकीय सलाह के बिना दवाइयों का प्रयोग नहीं करना चाहिए। साथ ही पर्याप्त मात्रा में पानी पीना भी किडनी के स्वास्थ्य के लिए जरूरी है।
इसके बाद अस्पताल के ऑडिटोरियम में संगोष्ठी और पैनल चर्चा आयोजित की गई। इस दौरान विशेषज्ञों ने किडनी रोगों की रोकथाम, उपचार और मृत गुर्दादाता कार्यक्रम को बढ़ावा देने पर चर्चा की। कार्यक्रम में पोस्टर प्रतियोगिता के विजेताओं को भी सम्मानित किया गया।
कार्यक्रम में डॉ. विवेक रुहेला, डॉ. गौरव शेखर शर्मा, डॉ. विवेक विज्जन, डॉ. विमल कुमार दीक्षित, डॉ. तनुज भाटिया और डॉ. नारायण जीत सिंह सहित कई विशेषज्ञों ने भाग लेकर लोगों की जिज्ञासाओं का समाधान किया। कार्यक्रम का संचालन सिमरन अग्रवाल ने किया।
इस अवसर पर किडनी रोगियों, उनके परिजनों और गुर्दा दाताओं को भी सम्मानित किया गया। साथ ही गुर्दा रोग विभाग के स्टाफ द्वारा एक लघु नाटिका प्रस्तुत कर लोगों को किडनी स्वास्थ्य के प्रति जागरूक किया गया। कार्यक्रम में अस्पताल के विभिन्न विभागों के डॉक्टर, नर्सिंग स्टाफ और बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *