संवेदनशीलता और जिम्मेदारी: हर स्तर पर प्रशासन के साथ खड़ा एसजीआरआर

Spread the love

देहरादून। श्री गुरु राम राय इंस्टीट्यूट ऑफ मेडिकल एंड हेल्थ साइंसेज (एसजीआरआर) में पीजी डॉक्टर तन्वी की मृत्यु के मामले में संस्थान ने स्पष्ट किया है कि वह पूरी पारदर्शिता और जिम्मेदारी के साथ पुलिस जांच में सहयोग कर रहा है। संस्थान ने इस दुखद घटना को गंभीरता से लेते हुए सभी आवश्यक दस्तावेज, मेडिकल रिपोर्ट और संबंधित जानकारियां प्रशासन को उपलब्ध कराई हैं।

संस्थान प्रबंधन के अनुसार, डॉक्टर तन्वी एक प्रतिभाशाली छात्रा थीं और उनका शैक्षणिक रिकॉर्ड भी अच्छा रहा है। उनके स्वास्थ्य को ध्यान में रखते हुए कॉलेज प्रशासन लगातार सहयोग करता रहा। बताया गया है कि वह लंबे समय से मानसिक स्वास्थ्य संबंधी उपचार ले रही थीं, जिसकी जानकारी अभिभावकों द्वारा पूर्व में लिखित रूप में संस्थान को दी गई थी।

एसजीआरआर प्रबंधन ने यह भी स्पष्ट किया है कि कॉलेज परिसर में छात्रों के लिए अनुकूल और सहयोगात्मक वातावरण उपलब्ध कराया जाता है। विभागाध्यक्ष सहित सभी फैकल्टी सदस्यों के छात्रों के साथ सौहार्दपूर्ण संबंध रहे हैं, जिसकी पुष्टि अन्य छात्र-छात्राओं से भी की जा सकती है।

घटना के बाद संस्थान ने तुरंत वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक को पत्र लिखकर पूरे घटनाक्रम से अवगत कराया और निष्पक्ष जांच की मांग की। साथ ही यह भी कहा गया कि मामले को लेकर किसी भी प्रकार की अफवाह या भ्रामक जानकारी से बचना चाहिए।

संस्थान का मानना है कि बिना ठोस साक्ष्यों के किसी भी व्यक्ति या पदाधिकारी पर आरोप लगाना उचित नहीं है। प्रबंधन ने भरोसा जताया कि पुलिस जांच के बाद सच्चाई सामने आएगी और सभी संदेह दूर होंगे।

इस बीच, संस्थान ने यह भी दोहराया कि छात्रों के मानसिक स्वास्थ्य और सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता दी जाती है और भविष्य में भी इस दिशा में सभी आवश्यक कदम उठाए जाते रहेंगे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *