SGRRU और अकम्स ड्रग्स का समझौता, मेधावी छात्रों के लिए खुलेंगे करियर के नए द्वार

Spread the love

देहरादून। श्री गुरु राम राय विश्वविद्यालय (SGRRU) एवं अकम्स ड्रग्स एंड फार्मास्यूटिकल्स लिमिटेड हरिद्वार के बीच गुरुवार को एक महत्वपूर्ण एमओयू (समझौता ज्ञापन) पर हस्ताक्षर किए गए। शिक्षा और उद्योग जगत के बीच समन्वय को मजबूत करने की दिशा में हुए इस समझौते से विद्यार्थियों को आधुनिक इंडस्ट्री की कार्यप्रणाली समझने, व्यावहारिक प्रशिक्षण प्राप्त करने तथा रोजगार के नए अवसर हासिल करने में मदद मिलेगी।

एमओयू पर विश्वविद्यालय की ओर से कुलसचिव डॉ. लोकेश गम्भीर तथा कंपनी की ओर से प्रबंध निदेशक डॉ. संदीप जैन ने हस्ताक्षर किए।

समझौते के तहत SGRRU के छात्र-छात्राओं, विशेष रूप से बेसिक एंड एप्लाइड साइंसेज के विद्यार्थियों को फार्मास्यूटिकल इंडस्ट्री की आधुनिक तकनीकों, कार्य संस्कृति और वर्तमान परिस्थितियों को करीब से जानने का अवसर मिलेगा। विद्यार्थियों को इंडस्ट्री आधारित प्रैक्टिकल ट्रेनिंग, प्रोफेशनल एक्सपोजर और रोजगार संबंधी अनुभव भी प्रदान किए जाएंगे।

एमओयू के अंतर्गत अकम्स ड्रग्स फार्मास्यूटिकल्स लिमिटेड गरीब एवं मेधावी विद्यार्थियों का चयन कर उन्हें पढ़ाई के साथ-साथ रोजगार के अवसरों से जोड़ेगी। विश्वविद्यालय के प्रोफेसरों द्वारा चयनित विद्यार्थियों के लिए विशेष कक्षाएं संचालित की जाएंगी, जबकि कंपनी की ओर से प्रशिक्षण, प्रोफेशनल मार्गदर्शन तथा स्टाइपेंड/वेतन भी उपलब्ध कराया जाएगा।

विश्वविद्यालय प्रशासन ने इस समझौते को “शिक्षा को रोजगार से जोड़ने वाली दूरदर्शी पहल” बताया। विशेषज्ञों के अनुसार इंडस्ट्री और अकादमिक संस्थानों के बीच इस प्रकार का सहयोग विद्यार्थियों को पढ़ाई के दौरान ही कॉरपोरेट वातावरण को समझने और अपने कौशल को विकसित करने का बेहतर अवसर देगा।

इस अवसर पर डॉ. अरुण कुमार, डॉ. पंकज चमोली, डॉ. शीतल त्यागी, डॉ. योगेन्द्र सिंह तोमर सहित अकम्स ड्रग्स फार्मास्यूटिकल्स के वरिष्ठ अधिकारी एवं अन्य गणमान्य लोग उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *