देहरादून। श्री गुरु राम राय एजुकेशन मिशन के विद्यालयों के छात्र-छात्राओं ने एक बार फिर सीबीएसई 12वीं परीक्षा में शानदार प्रदर्शन कर मिशन का नाम रोशन किया है। मिशन के सभी विद्यालयों का परीक्षा परिणाम शत-प्रतिशत रहा। उत्कृष्ट अंकों के साथ छात्रों ने विज्ञान, वाणिज्य और कला तीनों संकायों में अपनी प्रतिभा का लोहा मनवाया।
मिशन के चेयरमैन महंत देवेंद्र दास महाराज के मार्गदर्शन में विद्यालयों के प्रधानाचार्यों, शिक्षकों, अभिभावकों और विद्यार्थियों के संयुक्त प्रयासों का परिणाम इस सफलता के रूप में सामने आया। मिशन प्रबंधन ने सभी सफल छात्र-छात्राओं को शुभकामनाएं देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।
विज्ञान संकाय में श्री गुरु राम राय पब्लिक स्कूल नेहरूग्राम की अनोखी राठी ने 96.2 प्रतिशत अंक प्राप्त कर पहला स्थान हासिल किया। श्री गुरु राम राय पब्लिक स्कूल रेसकोर्स के अनीस ने 95 प्रतिशत अंकों के साथ दूसरा तथा श्री गुरु राम राय पब्लिक स्कूल पटेल नगर के आयुष रावत ने 94.8 प्रतिशत अंक प्राप्त कर तीसरा स्थान प्राप्त किया।
वाणिज्य संकाय में श्री गुरु राम राय पब्लिक स्कूल रेसकोर्स के सोमेश बडथ्वाल ने 98 प्रतिशत अंक प्राप्त कर मिशन के सभी विद्यालयों में शीर्ष स्थान हासिल किया। श्री गुरु राम राय पब्लिक स्कूल तालाब की दिवाक्षी मेहता ने 96 प्रतिशत अंक प्राप्त कर दूसरा तथा श्री गुरु राम राय पब्लिक स्कूल पटेल नगर की हरप्रीत कौर ने 95.2 प्रतिशत अंक प्राप्त कर तीसरा स्थान प्राप्त किया।
कला संकाय में श्री गुरु राम राय पब्लिक स्कूल भानियावाला की चित्रा ने 96.4 प्रतिशत अंक प्राप्त कर प्रथम स्थान प्राप्त किया। श्री गुरु राम राय पब्लिक स्कूल बालावाला की वेदिका नेगी ने 95.6 प्रतिशत अंक प्राप्त कर दूसरा तथा श्री गुरु राम राय पब्लिक स्कूल राजा रोड की ममता कुमारी ने 94.2 प्रतिशत अंक प्राप्त कर तीसरा स्थान हासिल किया।
मिशन प्रबंधन ने कहा कि शिक्षा के क्षेत्र में मिशन निरंतर उत्कृष्टता की ओर अग्रसर है और विद्यार्थियों की उपलब्धियां संस्था के सेवा एवं संस्कार आधारित शिक्षा मॉडल को मजबूत कर रही हैं।
