ऋषिकेश। निर्मल आश्रम ज्ञान दान अकादमी ने सीबीएसई कक्षा 12वीं बोर्ड परीक्षा में शत-प्रतिशत परिणाम हासिल कर उत्कृष्ट सफलता दर्ज की है। विद्यालय की छात्रा इशिता सिंह ने 98.4 प्रतिशत अंक प्राप्त कर विद्यालय में प्रथम स्थान हासिल किया। शानदार परीक्षा परिणामों से विद्यालय परिसर में खुशी का माहौल है।
विद्यालय की छात्रा श्वेता यादव ने 98.2 प्रतिशत अंक प्राप्त कर दूसरा स्थान हासिल किया। इसके अलावा प्रीतिका ने 96.8%, निहारिका निषाद ने 96.6% तथा अंशिका ने 96.2% अंक प्राप्त कर विद्यालय और अपने अभिभावकों का नाम रोशन किया।
विभिन्न संकायों में भी विद्यार्थियों ने बेहतरीन प्रदर्शन किया। कला वर्ग में इशिता सिंह, वाणिज्य वर्ग में सूरज राम तथा विज्ञान वर्ग में रतन सिंह राणा ने सर्वोच्च अंक प्राप्त कर अपनी प्रतिभा का लोहा मनवाया।
विद्यालय प्रबंधन ने विद्यार्थियों की इस उपलब्धि पर प्रसन्नता व्यक्त करते हुए कहा कि यह सफलता छात्रों की मेहनत, अनुशासन, शिक्षकों के मार्गदर्शन और अभिभावकों के सहयोग का परिणाम है।
विद्यालय के संस्थापक महंत बाबा राम सिंह महाराज एवं संचालक संत जोध सिंह महाराज ने विद्यार्थियों को शुभकामनाएं देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की। वहीं चेयरमैन डॉ. एस. एन. सूरी, प्रधानाचार्या डॉ. सुनीता शर्मा एवं प्रधानाध्यापिका अमृतपाल डंग ने सभी सफल विद्यार्थियों को बधाई देते हुए कहा कि विद्यालय आगे भी शिक्षा के क्षेत्र में उत्कृष्ट परिणाम देने के लिए प्रतिबद्ध रहेगा।
