“95% से अधिक अंक लाने वाले मेधावियों का हुआ सम्मान, गूंजा शिक्षा और संस्कार का संदेश”

Spread the love

हरिद्वार। रानीपुर विधानसभा क्षेत्र से विधायक आदेश चौहान ने कहा कि शिक्षित युवा ही उन्नत समाज और विकासशील राष्ट्र की सबसे बड़ी ताकत होते हैं। शिक्षा जीवन में आगे बढ़ने के अवसर प्रदान करती है और युवाओं को नई दिशा देती है।

वे आर्य समाज भेल सेक्टर-1 के सभागार में सर्वमंगल स्वस्ति न्यास सर्वहितार्थ (पंजी०) द्वारा आयोजित प्रतिभा सम्मान समारोह को बतौर मुख्य अतिथि संबोधित कर रहे थे। समारोह में कक्षा दसवीं में विभिन्न विद्यालयों में सर्वोच्च अंक प्राप्त करने वाले छात्र-छात्राओं को सम्मानित किया गया।

विधायक आदेश चौहान ने कहा कि इस प्रकार के आयोजन अन्य विद्यार्थियों के लिए प्रेरणा का माध्यम बनते हैं और उन्हें आगे बढ़ने की प्रेरणा देते हैं। उन्होंने युवाओं से भारतीय संस्कृति एवं संस्कारों को आत्मसात करने का आह्वान करते हुए कहा कि आधुनिक शिक्षा के साथ नैतिक मूल्यों का समावेश भी अत्यंत आवश्यक है।

कार्यक्रम में विशिष्ट वक्ता के रूप में उपस्थित प्रो. दिनेश चंद शास्त्री ने कहा कि देश के युवाओं में प्रतिभा की कोई कमी नहीं है, आवश्यकता केवल उन्हें उचित मंच और अवसर उपलब्ध कराने की है। उन्होंने न्यास के इस प्रयास की सराहना करते हुए इसे समाज के लिए प्रेरणादायी पहल बताया।

विशिष्ट अतिथि डा. राज अरोड़ा ने कहा कि शिक्षा न केवल समृद्ध समाज का निर्माण करती है, बल्कि व्यक्ति के जीवन में नई ऊर्जा और सकारात्मक सोच का संचार भी करती है।

समारोह की अध्यक्षता कर रहे जगदीश लाल पाहवा ने कहा कि यह आयोजन केवल विद्यार्थियों का ही नहीं, बल्कि उनके शिक्षकों और अभिभावकों का भी सम्मान है, जिनके मार्गदर्शन में युवा पीढ़ी आगे बढ़ रही है। उन्होंने कहा कि बच्चों में संस्कारों और सांस्कृतिक मूल्यों का विकास करना आज की सबसे बड़ी आवश्यकता है।

न्यास के अध्यक्ष डा. महेंद्र मोहन भारतीय ने बताया कि न्यास द्वारा 95 प्रतिशत से अधिक अंक प्राप्त करने वाले छात्र-छात्राओं को सम्मानित कर उन्हें शिक्षा के क्षेत्र में आगे बढ़ने के लिए प्रेरित किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि ऐसे कार्यक्रम भविष्य में भी निरंतर आयोजित किए जाएंगे।

कार्यक्रम का संचालन डा. योगेश ने किया। इस अवसर पर आर्य समाज भेल सेक्टर-1 के प्रधान बलबीर तलवार, विजयपाल सिंह बघेल, गिरधारी लाल चंदवानी सहित बड़ी संख्या में गणमान्य लोग उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *