SGRRU सहसपुर में मुख्यमंत्री धामी का भव्य स्वागत, शिक्षा, संस्कार और सेवा के संग दिखी विकास की नई तस्वीर

Spread the love

देहरादून। सेवा पखवाड़ा कार्यक्रम के तहत उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी रविवार को श्री गुरु राम राय (एसजीआरआर) इंटरनेशनल स्कूल, सहसपुर पहुँचे, जहां विद्यालय परिवार ने उनका भव्य एवं गर्मजोशी से स्वागत किया। मुख्यमंत्री ने विद्यालय में शिक्षा, सेवा और संस्कार की समृद्ध परंपरा की सराहना करते हुए कहा कि श्री गुरु राम राय एजुकेशन मिशन शिक्षा और स्वास्थ्य के क्षेत्र में राष्ट्र निर्माण का महत्वपूर्ण कार्य कर रहा है।

विद्यालय की प्रधानाचार्या सहाना रहमान, शिक्षक-शिक्षिकाओं एवं विद्यार्थियों ने मुख्यमंत्री का पुष्पगुच्छ, पुष्पवर्षा और पारंपरिक स्वागत के साथ अभिनंदन किया। मुख्यमंत्री के आगमन से विद्यालय परिसर उत्साह और उल्लास से भर उठा तथा विद्यार्थियों ने उनका आत्मीय स्वागत किया।

अपने संबोधन में मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कहा कि राज्य सरकार जन-जन तक पहुंचकर सेवा के संकल्प को साकार कर रही है। उन्होंने कहा कि एसजीआरआर संस्थान समाज के प्रत्येक वर्ग को प्राथमिक शिक्षा, विद्यालयी शिक्षा, उच्च शिक्षा, चिकित्सा शिक्षा और उत्कृष्ट स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराकर समाज के उत्थान में उल्लेखनीय योगदान दे रहा है। उन्होंने विद्यालय के विद्यार्थियों के अनुशासन, प्रतिभा और आत्मविश्वास की प्रशंसा करते हुए उन्हें जीवन में निरंतर आगे बढ़ने के लिए प्रेरित किया।

मुख्यमंत्री ने विद्यार्थियों से आत्मीय संवाद भी किया और उन्हें उज्ज्वल भविष्य के लिए शुभकामनाएं दीं। उन्होंने कहा कि गुणवत्तापूर्ण शिक्षा के साथ संस्कारों का समावेश ही राष्ट्र के मजबूत भविष्य की आधारशिला है।

इस अवसर पर राज्यसभा सांसद नरेश बंसल, क्षेत्रीय विधायक सहदेव पुंडीर, दायित्वधारी रोहिला, पुनीत मित्तल, मुख्यमंत्री के सचिव वंशीधर तिवारी सहित अनेक जनप्रतिनिधि एवं गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।

क्षेत्रीय विधायक सहदेव पुंडीर ने कहा कि एसजीआरआर इंटरनेशनल स्कूल, सहसपुर क्षेत्र का प्रमुख अंग्रेजी माध्यम विद्यालय है, जहां आधुनिक शिक्षा के साथ नैतिक मूल्यों एवं विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास पर विशेष बल दिया जाता है।

विद्यालय की प्रधानाचार्या सहाना रहमान ने मुख्यमंत्री को शॉल ओढ़ाकर सम्मानित किया तथा श्री दरबार साहिब का स्मृति-चिह्न भेंट कर उनका अभिनंदन किया। उन्होंने श्री गुरु राम राय एजुकेशन मिशन की शैक्षणिक उपलब्धियों और समाजहित में किए जा रहे कार्यों की जानकारी भी दी।

कार्यक्रम के दौरान अतिथियों ने विद्यालय के नवीन भवन, आधुनिक अधोसंरचना और विद्यार्थियों के लिए उपलब्ध कराई जा रही अत्याधुनिक शैक्षणिक सुविधाओं की सराहना की। राष्ट्रगान के साथ कार्यक्रम का समापन हुआ तथा विद्यालय परिवार ने सभी अतिथियों के प्रति आभार व्यक्त किया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *