देहरादून। श्री महंत इन्दिरेश अस्पताल एवं एसजीआरआर इंस्टीट्यूट ऑफ मेडिकल एंड हेल्थ साइंसेज के लिए गर्व का क्षण है। अस्पताल के सर्जिकल ऑन्कोलॉजी विभाग के प्रोफेसर एवं विभागाध्यक्ष डॉ. पंकज गर्ग को एसोसिएशन ऑफ ब्रेस्ट सर्जन्स ऑफ इंडिया (ABSI) का निदेशक (शिक्षा), उत्तर क्षेत्र (कार्यकाल 2026–2028) निर्वाचित किया गया है। यह प्रतिष्ठित राष्ट्रीय दायित्व स्तन कैंसर सर्जरी, चिकित्सा शिक्षा, शोध और प्रशिक्षण के क्षेत्र में उनके उत्कृष्ट योगदान का सम्मान माना जा रहा है।
नई जिम्मेदारी के तहत डॉ. गर्ग उत्तर भारत में स्तन कैंसर से जुड़े शैक्षणिक कार्यक्रमों, विशेषज्ञ प्रशिक्षण, अकादमिक सहयोग और प्रमाण-आधारित उपचार पद्धतियों को नई दिशा देंगे। उनके नेतृत्व में चिकित्सकों के कौशल विकास और आधुनिक चिकित्सा पद्धतियों के विस्तार को गति मिलने की उम्मीद है।
इस उपलब्धि पर श्री महंत इन्दिरेश अस्पताल के चेयरमैन श्रीमहंत देवेंद्र दास महाराज ने डॉ. गर्ग को बधाई देते हुए कहा कि यह सम्मान केवल एक चिकित्सक का नहीं, बल्कि पूरे एसजीआरआर परिवार की उत्कृष्ट चिकित्सा सेवाओं, शिक्षा और शोध की गुणवत्ता का राष्ट्रीय स्तर पर मिला सम्मान है। उन्होंने विश्वास जताया कि डॉ. गर्ग के नेतृत्व से संस्थान की पहचान राष्ट्रीय ही नहीं, बल्कि अंतरराष्ट्रीय स्तर पर भी और अधिक मजबूत होगी।
डॉ. पंकज गर्ग ने इस उपलब्धि का श्रेय श्रीमहंत देवेंद्र दास महाराज के मार्गदर्शन, आशीर्वाद और संस्थान के सहयोगी वातावरण को दिया। उन्होंने कहा कि वे शिक्षा, शोध, प्रशिक्षण और जन-जागरूकता के माध्यम से स्तन कैंसर के बेहतर उपचार और समय पर पहचान को बढ़ावा देने के साथ-साथ एसजीआरआर को नई ऊंचाइयों तक पहुंचाने का प्रयास करेंगे।
गौरतलब है कि स्तन कैंसर महिलाओं में सबसे अधिक पाया जाने वाला कैंसर है। ऐसे में उत्तराखंड सहित पूरे उत्तर भारत में जागरूकता, समय पर जांच, शीघ्र निदान और विशेषज्ञ उपचार को बढ़ावा देने में डॉ. गर्ग की यह नई भूमिका बेहद महत्वपूर्ण मानी जा रही है। अस्पताल प्रबंधन, चिकित्सकों, संकाय सदस्यों और कर्मचारियों ने भी उन्हें शुभकामनाएं देते हुए सफल कार्यकाल की कामना की।
