देहरादून/बदरीनाथ-केदारनाथ। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन्मदिवस के अवसर पर गुरुवार को श्री बदरीनाथ-केदारनाथ धाम सहित मंदिर समिति के अधीनस्थ मंदिरों में विशेष पूजा-अर्चना और धार्मिक अनुष्ठान आयोजित किए गए। श्री बदरीनाथ-केदारनाथ मंदिर समिति (बीकेटीसी) अध्यक्ष हेमंत द्विवेदी ने बताया कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की दीर्घायु एवं उत्तम स्वास्थ्य की कामना को लेकर श्री बदरीनाथ धाम में विशेष महाभिषेक और श्री केदारनाथ धाम में रुद्राभिषेक संपन्न कराया गया।
श्री बदरीनाथ धाम में प्रदेश सरकार एवं मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी की ओर से विशेष महाभिषेक पूजा कराई गई। रात्रि में प्रधानमंत्री मोदी के 76वें जन्मदिवस के उपलक्ष्य में 76 आशीर्वाद दीप भी प्रज्ज्वलित किए गए। वहीं श्री केदारनाथ धाम में भगवान केदारनाथ का विशेष रुद्राभिषेक किया गया तथा सायंकाल मंदिर परिसर में आशीर्वाद दीप प्रज्ज्वलन के साथ मंदाकिनी गंगा आरती आयोजित हुई।
बीकेटीसी अध्यक्ष हेमंत द्विवेदी ने बताया कि प्रधानमंत्री के जन्मदिवस से 17 अक्टूबर तक प्रदेशभर में ‘सेवा संकल्प अभियान’ चलाया जा रहा है। अभियान के तहत सरकार की उपलब्धियों और जनकल्याणकारी योजनाओं को जन-जन तक पहुंचाने के साथ सेवा गतिविधियां आयोजित की जा रही हैं।
इसी क्रम में हेमंत द्विवेदी यमकेश्वर क्षेत्र स्थित भाजपा मंडल स्वर्गाश्रम में आयोजित गंगा आरती एवं सेवा संकल्प कार्यक्रम में शामिल हुए। उन्होंने भाजपा कार्यकर्ताओं और साधु-संतों के साथ प्रधानमंत्री की दीर्घायु की कामना करते हुए 76 आशीर्वाद दीप प्रज्ज्वलित किए। कार्यक्रम में कैबिनेट मंत्री मदन कौशिक, यमकेश्वर प्रभारी रमेश मैखुरी सहित भाजपा पदाधिकारी, महिला मोर्चा के कार्यकर्ता और साधु-संत मौजूद रहे।
बीकेटीसी अध्यक्ष के निर्देश पर पौराणिक श्री यमकेश्वर महादेव मंदिर में भी प्रधानमंत्री मोदी के जन्मदिवस पर पूजा-अर्चना के बाद भगवान महादेव का जलाभिषेक किया गया। इस दौरान बदरीनाथ और केदारनाथ धाम में मंदिर समिति के अधिकारी, वेदपाठी आचार्य, तीर्थ पुरोहित, श्री केदार सभा के पदाधिकारी, कर्मचारी और बड़ी संख्या में श्रद्धालु मौजूद रहे।
