कला के क्षेत्र में ऋषिकेश का राष्ट्रीय परचम, पूजा राजपूत को राष्ट्रपति ने किया सम्मानित

Spread the love

ऋषिकेश। दशकों की साधना, संघर्ष और सृजन के प्रति अटूट समर्पण जब राष्ट्रीय मंच पर सम्मानित होता है, तो वह उपलब्धि केवल एक व्यक्ति की नहीं, बल्कि पूरे समाज के गौरव का प्रतीक बन जाती है। ऋषिकेश की कलाकार पूजा राजपूत ने अपनी 38 वर्षों की कला-साधना के दम पर ऐसी ही उल्लेखनीय उपलब्धि हासिल की है। ललित कला अकादमी की 65वीं राष्ट्रीय कला प्रदर्शनी में उनकी कलाकृति ‘प्रकृति शोषण’ को राष्ट्रीय पुरस्कार से सम्मानित किया गया। राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु के हाथों यह प्रतिष्ठित सम्मान प्राप्त कर उन्होंने ऋषिकेश सहित उत्तराखंड का गौरव बढ़ाया है।

इस उपलब्धि पर उग्रसेन नगर वेलफेयर कल्याण समिति और अंतरराष्ट्रीय गढ़वाल महासभा की ओर से पूजा राजपूत का भव्य स्वागत एवं अभिनंदन किया गया। इस दौरान उन्हें पुष्पगुच्छ भेंट करने के साथ माल्यार्पण किया गया और शॉल ओढ़ाकर सम्मानित किया गया। समारोह में उपस्थित लोगों ने उनकी उपलब्धि को क्षेत्र के लिए गौरवपूर्ण क्षण बताया।

अंतरराष्ट्रीय गढ़वाल महासभा के संस्थापक अध्यक्ष डॉ. राजे नेगी ने कहा कि पूजा राजपूत को मिला राष्ट्रीय सम्मान उनकी वर्षों की कठिन साधना, रचनात्मक दृष्टि और कला के प्रति समर्पण का परिणाम है। उन्होंने कहा कि यह उपलब्धि केवल व्यक्तिगत सफलता नहीं, बल्कि पूरे क्षेत्र के लिए गर्व का विषय है। पूजा राजपूत ने अपनी कलाकृति के माध्यम से राष्ट्रीय कला जगत में विशिष्ट पहचान बनाई है।

पूजा राजपूत की पुरस्कृत कलाकृति ‘प्रकृति शोषण’ प्रकृति के प्रति मानवीय व्यवहार और पर्यावरण के दोहन जैसे गंभीर विषय को सामने लाती है। उनकी कला में सामाजिक सरोकारों की अभिव्यक्ति इस उपलब्धि को और महत्वपूर्ण बनाती है। इससे पहले भी वह विभिन्न राष्ट्रीय मंचों पर सम्मान प्राप्त कर चुकी हैं।

उग्रसेन नगर सोसायटी के अध्यक्ष रघुवंश ने पूजा राजपूत को बधाई देते हुए कहा कि उनकी सफलता क्षेत्र के उभरते कलाकारों के लिए प्रेरणा है। उन्होंने उम्मीद जताई कि पूजा राजपूत भविष्य में भी अपनी रचनात्मकता के माध्यम से भारतीय कला और संस्कृति को नई पहचान दिलाती रहेंगी।

पूजा राजपूत पूर्व में स्वर्गाश्रम-जोंक की प्रधान रह चुकी हैं और प्रसिद्ध व्यवसायी एवं समाजसेवी मनोज राजपूत की धर्मपत्नी हैं। सम्मान समारोह में एम.एस. राणा, दलवीर सिंह रावत, संजीव चौधरी, शशांक शर्मा, अनुज भारद्वाज और डी.के. शर्मा सहित आदि लोग मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *