संस्कृति:इगास की बग्वाल में DG सूचना बंशीधर तिवारी का पहाड़ी अंदाज,संस्कृति संरक्षण का दिया संदेश

Spread the love

देहरादून। उत्तराखंड की लोक संस्कृति और पारंपरिक विरासत के प्रति प्रेम जब व्यवहार में नजर आता है, तो वह समाज के लिए प्रेरणादायक संदेश बन जाता है। ऐसा ही नजारा देहरादून के बंजारावाला स्थित गंगोत्री विहार में आयोजित इगास बग्वाल के विशेष सांस्कृतिक कार्यक्रम में देखने को मिला। यहां सूचना महानिदेशक एवं एमडीडीए के उपाध्यक्ष बंशीधर तिवारी पूरी तरह पहाड़ी रंग में रंगे नजर आए। पारंपरिक लोकगीतों की धुन पर उन्होंने जमकर नृत्य किया और कार्यक्रम में मौजूद लोगों का उत्साह बढ़ाया। इस दौरान भाजपा के प्रदेश मीडिया प्रभारी मनवीर चौहान ने भी उनके साथ कदमताल की।

दीपावली के 11 दिन बाद मनाए जाने वाले उत्तराखंड के पारंपरिक लोकपर्व इगास के अवसर पर आयोजित इस कार्यक्रम में लोक संस्कृति की अनूठी छटा देखने को मिली। पहाड़ी गीतों की गूंज के बीच बंशीधर तिवारी की सहज सहभागिता कार्यक्रम का प्रमुख आकर्षण रही। उन्होंने अपने संबोधन में कहा कि रोजगार और बेहतर अवसरों की तलाश में उत्तराखंड के लोग भले ही देश-दुनिया के अलग-अलग हिस्सों में पहुंच गए हों, लेकिन अपनी संस्कृति, सभ्यता और जड़ों से जुड़े रहना बेहद जरूरी है।

उन्होंने कहा कि इगास जैसे लोकपर्व उत्तराखंड की विशिष्ट सांस्कृतिक पहचान हैं। ऐसे आयोजन हमारी समृद्ध परंपराओं को जीवंत रखने के साथ ही नई पीढ़ी को अपनी विरासत से परिचित कराने और सामाजिक मेलजोल को मजबूत बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। लोकगीतों पर बंशीधर तिवारी के थिरकने और उनकी सांस्कृतिक सहभागिता ने यह संदेश दिया कि अपनी लोक संस्कृति को संरक्षित रखने के लिए केवल बातें करना ही पर्याप्त नहीं, बल्कि उसे उत्साह और गर्व के साथ अपने जीवन में अपनाना भी जरूरी है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *