श्रीमहंत देवेंद्र दास जी महाराज से मिले उच्च शिक्षा मंत्री, एसजीआरआर के शिक्षा-चिकित्सा क्षेत्र के योगदान को सराहा

Spread the love

देहरादून। उत्तराखंड के उच्च शिक्षा मंत्री डॉ. धन सिंह रावत रविवार शाम श्री दरबार साहिब पहुंचे, जहां उन्होंने मत्था टेककर आशीर्वाद प्राप्त किया। इस दौरान उन्होंने दरबार साहिब के सज्जादानशीन श्रीमहंत देवेंद्र दास जी महाराज से शिष्टाचार भेंट कर प्रदेश के समसामयिक विषयों, उच्च शिक्षा और राज्य के विकास से जुड़े महत्वपूर्ण मुद्दों पर विस्तार से चर्चा की।

श्री दरबार साहिब की परंपराओं के अनुरूप उच्च शिक्षा मंत्री का स्वागत किया गया। भेंट के दौरान श्रीमहंत देवेंद्र दास जी महाराज ने डॉ. धन सिंह रावत को स्मृति चिह्न भेंट किया। बातचीत में मंत्री ने श्री गुरु राम राय ग्रुप के विभिन्न संस्थानों की ओर से शिक्षा, चिकित्सा और जनसेवा के क्षेत्र में किए जा रहे कार्यों की सराहना की। उन्होंने विशेष रूप से श्री गुरु राम राय विश्वविद्यालय के मेडिकल शिक्षा, कृषि, शोध एवं अनुसंधान के क्षेत्र में किए जा रहे प्रयासों को महत्वपूर्ण बताया।

इस अवसर पर श्रीमहंत देवेंद्र दास जी महाराज ने एसजीआरआर एजुकेशन मिशन के अंतर्गत संचालित विद्यालयों में विद्यार्थियों को उपलब्ध कराई जा रही गुणवत्तापूर्ण स्कूली शिक्षा तथा श्री गुरु राम राय विश्वविद्यालय में संचालित उच्च शिक्षा कार्यक्रमों की जानकारी साझा की। उन्होंने शिक्षा के क्षेत्र में मिशन की ओर से किए जा रहे प्रयासों और सामाजिक सरोकारों पर भी प्रकाश डाला।

डॉ. धन सिंह रावत ने कहा कि श्रीमहंत इन्दिरेश अस्पताल, एसजीआरआर एजुकेशन मिशन और श्री गुरु राम राय विश्वविद्यालय शिक्षा, चिकित्सा एवं मानवता की सेवा के क्षेत्र में उल्लेखनीय योगदान दे रहे हैं। उन्होंने विश्वास जताया कि ये संस्थान भविष्य में भी जनकल्याण और प्रदेश के विकास में अपनी महत्वपूर्ण भूमिका निभाते रहेंगे।

उल्लेखनीय है कि एसजीआरआर एजुकेशन मिशन दशकों से किफायती दरों पर गुणवत्तापूर्ण शिक्षा उपलब्ध कराने की दिशा में निरंतर कार्य कर रहा है। वहीं, श्री गुरु राम राय विश्वविद्यालय शिक्षा, चिकित्सा, कृषि और अनुसंधान के क्षेत्र में अपनी विशिष्ट पहचान स्थापित कर रहा है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *