श्री दरबार साहिब में भरत चौधरी ने सराहा एसजीआरआर संस्थानों का जनकल्याण कार्य

Spread the love

देहरादून। उत्तराखण्ड सरकार में खादी एवं ग्रामोद्योग तथा ग्राम्य विकास मंत्री भरत चौधरी ने शुक्रवार को श्री दरबार साहिब पहुंचकर मत्था टेका और देश-प्रदेश की खुशहाली की कामना की। इस दौरान उन्होंने दरबार साहिब के सज्जादे गद्दी नशीन एवं श्री गुरु राम राय विश्वविद्यालय के प्रेसीडेंट श्रीमहंत देवेन्द्र दास जी महाराज से शिष्टाचार भेंट कर आशीर्वाद प्राप्त किया।

कैबिनेट मंत्री बनने के बाद पहली बार दरबार साहिब पहुंचे भरत चौधरी का परंपरानुसार भव्य स्वागत किया गया। इस अवसर पर श्रीमहंत देवेन्द्र दास जी महाराज ने उन्हें दरबार साहिब का स्मृति चिन्ह भेंट कर सम्मानित किया। मुलाकात के दौरान दोनों के बीच उत्तराखण्ड के समसामयिक विषयों पर विस्तारपूर्वक चर्चा हुई।

भेंट के दौरान श्रीमहंत देवेन्द्र दास जी महाराज ने श्री गुरु राम राय इंस्टीट्यूट ऑफ मेडिकल एंड हेल्थ साइंसेज, श्री महंत इन्दिरेश अस्पताल तथा श्री गुरु राम राय एजुकेशन मिशन द्वारा किए जा रहे जनकल्याणकारी कार्यों की जानकारी दी।

इस पर मंत्री भरत चौधरी ने कहा कि एसजीआरआर ग्रुप के संस्थान चिकित्सा, स्वास्थ्य और शिक्षा के क्षेत्र में उत्कृष्ट कार्य कर रहे हैं। उन्होंने विशेष रूप से श्री महंत इन्दिरेश अस्पताल द्वारा दूरस्थ क्षेत्रों में लगाए जा रहे निःशुल्क स्वास्थ्य शिविरों की सराहना करते हुए कहा कि ये पहल आमजन तक स्वास्थ्य सेवाओं की सीधी पहुंच सुनिश्चित करती है।

मंत्री ने रुद्रप्रयाग जनपद में आयोजित स्वास्थ्य शिविर का उल्लेख करते हुए कहा कि ऐसे प्रयासों से जरूरतमंदों को समय पर उपचार मिल रहा है और भविष्य में भी इस प्रकार के अधिक से अधिक शिविर आयोजित किए जाने चाहिए। अंत में उन्होंने एसजीआरआर ग्रुप के सफल संचालन के लिए श्रीमहंत देवेन्द्र दास जी महाराज को बधाई देते हुए विश्वास जताया कि यह संस्थान आगे भी समाज सेवा के क्षेत्र में नई ऊंचाइयां स्थापित करेगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *