वसूली करने पहुंची जल संस्थान टीम पर दबंगई, ऋषिकेश में महिला कर्मियों की सुरक्षा पर उठे सवाल

Spread the love

ऋषिकेश,। उत्तराखण्ड जल संस्थान के राजस्व वसूली अभियान के दौरान बीते शनिवार को महिला कर्मचारियों के साथ अभद्र व्यवहार और सरकारी कार्य में बाधा डालने का मामला सामने आया है। इस संबंध में रविवार को विभागीय अधिकारियों ने संबंधित व्यक्ति के खिलाफ एफआईआर दर्ज कराने को लेकर कोतवाली मे तहरीर दी है।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, जलकल अभियन्ता कार्यालय, डीजीबीआर रोड, ऋषिकेश में तैनात कनिष्ठ सहायक जहानवी पुरोहित और डीईओ सीमा नेगी निर्धारित लक्ष्यों की पूर्ति के तहत उपभोक्ताओं से राजस्व वसूली कर रही थीं। बताया गया है कि शनिवार को वह हैड फिटर नरेन्द्र काण्डपाल के साथ ग्राम ऋषिकेश निवासी पप्पू पुत्र तुलाराम के यहां बकाया वसूली के लिए पहुंचीं।

आरोप है कि इस दौरान उपभोक्ता के घर पर मौजूद एक व्यक्ति ने सरकारी कार्य में बाधा उत्पन्न की और दोनों महिला कर्मचारियों के साथ अभद्र व्यवहार करते हुए हाथापाई का प्रयास किया। स्थिति तनावपूर्ण होने पर सीमा नेगी ने साथी कर्मचारी की सुरक्षा के लिए तत्परता दिखाते हुए आवश्यक कदम उठाए, जिससे किसी बड़ी घटना को टाला जा सका।

घटना के बाद दोनों कर्मचारियों ने लिखित शिकायत देते हुए संबंधित व्यक्ति के खिलाफ एफआईआर दर्ज करने की मांग की है। साथ ही घटना का एक वीडियो साक्ष्य भी उपलब्ध कराया गया है, जिसे पुलिस को ई-मेल के माध्यम से भेजा गया है।

इस घटना के बाद विभागीय अधिकारियों ने मामले को गंभीर बताते हुए पुलिस प्रशासन से त्वरित कार्रवाई की अपेक्षा जताई है। वहीं, कर्मचारियों की सुरक्षा को लेकर भी सवाल खड़े हो गए हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *