निगम ऋषिकेश की चेतावनी: सिंगल यूज प्लास्टिक इस्तेमाल किया तो होगा जुर्माना

Spread the love

ऋषिकेश। नगर निगम ऋषिकेश द्वारा सिंगल यूज प्लास्टिक के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत शनिवार को व्यापक स्तर पर छापेमारी की गई। नगर आयुक्त के निर्देशन में संचालित इस अभियान में निगम की टीम ने 35 विक्रेताओं के चालान काटते हुए कुल 66,700 रुपये का जुर्माना वसूला।

अभियान के दौरान लगभग डेढ़ कुंटल प्रतिबंधित सिंगल यूज प्लास्टिक सामग्री जब्त की गई। जब्त सामग्री में पॉलिथीन, डिस्पोजल गिलास, चम्मच सहित अन्य प्लास्टिक उत्पाद शामिल हैं। निगम अधिकारियों ने बताया कि प्रतिबंध के बावजूद प्लास्टिक का उपयोग करने वालों के विरुद्ध आगे भी इसी प्रकार सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।

नगर निगम की ओर से व्यापारियों को चेतावनी देते हुए कहा गया कि ऋषिकेश धार्मिक एवं पर्यटन नगरी होने के साथ-साथ मां गंगा के तट पर स्थित है। ऐसे में सिंगल यूज प्लास्टिक का प्रयोग नालों के माध्यम से गंगा तक पहुंचकर प्रदूषण का कारण बन सकता है। मां गंगा की पवित्रता बनाए रखने के लिए सभी व्यापारियों और नागरिकों से प्लास्टिक के उपयोग से परहेज करने की अपील की गई है।

निगम ने लोगों से बाजार जाते समय कपड़े के थैले का उपयोग करने और शहर को स्वच्छ एवं प्लास्टिक मुक्त बनाने में सहयोग करने का आह्वान किया। अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि नियमों का उल्लंघन करने पर चालानी कार्रवाई लगातार जारी रहेगी।
अभियान में मुख्य सफाई निरीक्षक अमित नेगी, सफाई निरीक्षक संतोष गुसाईं, अभिषेक मल्होत्रा, सुपरवाइजर नरेश, राजेश, रवि सहित निगम के अन्य अधिकारी एवं कर्मचारी मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *