आस्था के रंग में रंगा दरबार साहिब, झंडा मेले की तैयारियों के बीच श्रीमहंत देवेंद्र दास महाराज ने दी सेवा

Spread the love

देहरादून। देहरादून में आयोजित होने वाले ऐतिहासिक श्री झंडा जी मेले की तैयारियां अब अंतिम चरण में पहुंच गई हैं। आस्था, श्रद्धा और भक्ति के इस महापर्व को लेकर श्री दरबार साहिब परिसर में इन दिनों आध्यात्मिक उल्लास का माहौल दिखाई दे रहा है। दरबार श्री गुरु राम राय जी महाराज के सज्जादे गद्दीनशीन श्रीमहंत देवेंद्र दास जी महाराज स्वयं व्यवस्थाओं की निगरानी कर रहे हैं और संगतों के साथ सेवा कार्यों में सक्रिय रूप से भाग ले रहे हैं।
गुरुवार को श्रीमहंत देवेंद्र दास जी महाराज ने संगत के साथ लंगर सेवा दी। इस दौरान बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने लंगर प्रसाद ग्रहण किया और सेवा में भाग लिया। होली पर्व के बाद श्री दरबार साहिब की रौनक और भी बढ़ गई है। देश-विदेश से आने वाली संगतों के पहुंचने का क्रम तेज हो गया है और पूरा परिसर “श्री गुरु राम राय जी महाराज की जय-जयकार” से गूंज उठा है।
मेले को लेकर श्री दरबार साहिब परिसर और आसपास के क्षेत्रों को विशेष रूप से सजाया जा रहा है। मेला बाजार में दुकानदार अपनी दुकानों को आकर्षक ढंग से सजा रहे हैं, वहीं मेले में लगने वाले झूले और अन्य मनोरंजन साधनों को भी अंतिम रूप दिया जा चुका है। जैसे-जैसे मेले की तिथि नजदीक आ रही है, वैसे-वैसे पूरे क्षेत्र में उत्साह और चहल-पहल बढ़ती जा रही है।
मेला आयोजन समिति के अनुसार इस वर्ष भी लाखों श्रद्धालु श्री झंडा जी के दर्शन के लिए देहरादून पहुंचेंगे। यह आस्था का महापर्व 26 मार्च 2026 को रामनवमी के पावन अवसर पर सम्पन्न होगा।
इस बीच शुक्रवार 6 मार्च को एक महत्वपूर्ण धार्मिक परंपरा का निर्वहन किया जाएगा। एसजीआरआर पब्लिक स्कूल, बॉम्बे बाग से संगतें नए ध्वज दंड को अपने कंधों पर उठाकर श्री दरबार साहिब लेकर आएंगी। सुबह 7:30 बजे श्रीमहंत देवेंद्र दास जी महाराज की अगुवाई में संगतों का यह पवित्र जुलूस प्रस्थान करेगा।
यह जुलूस टीएचडीसी चौक, श्री महंत इंदिरेश अस्पताल, पटेल नगर और लाल पुल चौक होते हुए मातावाला बाग मार्ग से श्री दरबार साहिब पहुंचेगा। इस दौरान पूरा मार्ग श्रद्धालुओं की भीड़ और “श्री गुरु राम राय जी महाराज की जय-जयकार” से गूंजता रहेगा।
मेला आयोजन समिति ने सुरक्षा और स्वास्थ्य सुविधाओं को लेकर भी व्यापक इंतजाम किए हैं। पूरे मेला क्षेत्र में 42 सीसीटीवी कैमरे, 25 फायर एक्सटिंग्विशर लगाए गए हैं। साथ ही चिकित्सा सुविधा के लिए डॉक्टरों और नर्सिंग स्टाफ की टीम, दो एम्बुलेंस और निःशुल्क दवाइयों की व्यवस्था की गई है। मेला व्यवस्था को सुचारू रखने के लिए 35 वर्दीधारी सुरक्षा गार्ड और करीब 500 संगत स्वयंसेवक भी तैनात किए गए हैं।
झंडा मेले की तैयारियों और बढ़ती संगतों की संख्या के साथ देहरादून का श्री दरबार साहिब परिसर इन दिनों आस्था, भक्ति और उत्सव की भावना से पूरी तरह सराबोर नजर आ रहा है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *