SGRRU के मंच पर धनुची, मंडाण और डांडिया की धुनों ने बांधा अनोखा समां

Spread the love

देहरादून। श्री गुरु राम राय विश्वविद्यालय का हैलीपैड मैदान रविवार की शाम माता रानी के जयकारों और भक्तिमय माहौल से गूंज उठा। नवरंग डांडिया 3.0 ने गरबा, डांडिया, धनुची नृत्य और पहाड़ी मंडाण की सुरमयी धुनों से ऐसा समां बांधा कि हर कोई मंत्रमुग्ध हो गया।

भव्य आयोजन का शुभारंभ विश्वविद्यालय के माननीय प्रेसिडेंट के सलाहकार प्रो. (डाॅ.) प्रथप्पन के. पिल्लई, कुलसचिव डाॅ. लोकेश गम्भीर, कार्यक्रम समन्वयक डाॅ. मालविका सती कांडपाल तथा काॅर्डिनेटर डाॅ. आर.पी. सिंह ने दीप प्रज्ज्वलन से किया। इस अवसर पर प्रो. (डाॅ.) पिल्लई ने कहा कि नवरंग डांडिया जैसे आयोजन विविधता में एकता और भारतीय सांस्कृतिक धरोहर का जीवंत उदाहरण हैं।

रात्रि भर चला डांडिया-गरबा नृत्य, हाई वोल्टेज डीजे बीट्स और पारंपरिक प्रस्तुतियों ने युवाओं को झूमने पर मजबूर कर दिया। छात्र-छात्राओं ने पारंपरिक और आधुनिक परिधानों में मंच और पंडाल को उत्सवमय बना दिया।

खास बात यह रही कि आयोजन में बंगाली, गुजराती और नवरात्रि व्यंजनों के साथ-साथ पहाड़ी व्यंजनों का भी स्वाद परोसा गया। इससे कार्यक्रम खानपान और संस्कृति दोनों स्तर पर बहुरंगी छटा बिखेरता नज़र आया।

इस अवसर पर विश्वविद्यालय के प्रेसिडेंट श्रीमहंत देवेन्द्र दास जी महाराज ने सभी को शारदीय नवरात्र की शुभकामनाएँ दीं। नवरंग डांडिया की संध्या में विभिन्न स्कूलों के डीन, विभागाध्यक्ष, फेकल्टी और हजारों छात्र-छात्राओं ने उत्साहपूर्वक भागीदारी की।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *