डीएम सविन बंसल ने संभाली तैयारियों की कमान, सड़क से लेकर स्थल तक हर व्यवस्था दुरुस्त करने के आदेश

Spread the love

देहरादून। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के प्रस्तावित देहरादून दौरे और दिल्ली-देहरादून एक्सप्रेस हाईवे के लोकार्पण कार्यक्रम को लेकर जिला प्रशासन ने तैयारियों को युद्धस्तर पर तेज कर दिया है। इसी क्रम में जिलाधिकारी सविन बंसल और वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक प्रमेन्द्र डोबाल ने शनिवार को अधिकारियों की टीम के साथ आशारोड़ी से गढ़ीकैंट स्थित महेन्द्र ग्राउंड तक पूरे मार्ग का स्थलीय निरीक्षण किया और व्यवस्थाओं का गहन परीक्षण किया।

निरीक्षण के दौरान डीएम सविन बंसल ने राष्ट्रीय राजमार्ग, एनएचएआई और लोक निर्माण विभाग के अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए कि प्रधानमंत्री के कार्यक्रम को देखते हुए सभी निर्माण एवं सुधार कार्य तत्काल पूर्ण किए जाएं। उन्होंने क्षतिग्रस्त डिवाइडरों की मरम्मत, सड़कों के पैचवर्क, दीवारों के रंगरोगन और प्रमुख चौराहों के सौंदर्यीकरण पर विशेष ध्यान देने को कहा। साथ ही सड़क किनारे पड़े मलवे की सफाई कर पूरे मार्ग को स्वच्छ और व्यवस्थित बनाने के निर्देश भी दिए गए। क्षतिग्रस्त होर्डिंग्स को दुरुस्त करने पर भी जोर दिया गया।

सुरक्षा व्यवस्था को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए डीएम ने निर्देशित किया कि पूरे रूट पर चाक-चौबंद सुरक्षा इंतजाम सुनिश्चित किए जाएं, ताकि किसी भी प्रकार की अव्यवस्था या बाधा उत्पन्न न हो।

इसके बाद जिलाधिकारी ने गढ़ीकैंट स्थित महेन्द्र ग्राउंड पहुंचकर मुख्य कार्यक्रम स्थल का निरीक्षण किया। यहां उन्होंने पंडाल निर्माण, आमजन के बैठने की व्यवस्था, पार्किंग, पेयजल, लघु जलपान और मोबाइल शौचालय जैसी मूलभूत सुविधाओं को समयबद्ध तरीके से सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। साथ ही कार्यक्रम स्थल तक सुगम आवागमन के लिए विशेष इंतजाम करने को भी कहा।

डीएम सविन बंसल ने सभी विभागों को आपसी समन्वय के साथ जिम्मेदारियों का प्रभावी निर्वहन करने के निर्देश देते हुए स्पष्ट किया कि तैयारियों में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।

निरीक्षण के दौरान वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक प्रमेन्द्र डोबाल, मुख्य विकास अधिकारी अभिनव शाह, संयुक्त मजिस्ट्रेट राहुल आनंद, नगर मजिस्ट्रेट प्रत्युष सिंह, उप जिलाधिकारी हरिगिरि, अपूर्वा सिंह, कुमकुम जोशी, संयुक्त सचिव गौरव चटवाल, लोनिवि के अधीक्षण अभियंता ओपी सिंह, एनएचएआई की प्रबंधक शालू चौहान सहित कई अधिकारी मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *