डीएम का अल्टीमेटम: शाम तक सड़क बहाल करो, वरना दर्ज होगा मुकदमा

Spread the love

देहरादून। शहर की सड़कों के साथ खिलवाड़ करने पर जिलाधिकारी सविन बंसल ने सख्त तेवर अपनाते हुए आईएसबीटी क्रॉसिंग और सहारनपुर रोड माजरा क्षेत्र में की जा रही रोड कटिंग पर कड़ा एक्शन लिया है। डीएम के निर्देश पर जांच में अनुमति की शर्तों के उल्लंघन का मामला सामने आने के बाद संबंधित एजेंसी की अनुमति निरस्त कर दी गई है।

डीएम सविन बंसल के निर्देशानुसार उप जिलाधिकारी न्याय कुमकुम जोशी के नेतृत्व में जिला प्रशासन की क्यूआरटी टीम ने मौके पर पहुंचकर रोड कटिंग स्थलों का निरीक्षण किया। जांच के दौरान पाया गया कि निर्धारित समय, सुरक्षा मानकों एवं शर्तों की अनदेखी कर कार्य किया जा रहा था, जिससे आम जनता को भारी असुविधा और यातायात अवरोध का सामना करना पड़ रहा था।

प्रशासन की रिपोर्ट के आधार पर डीएम ने तत्काल प्रभाव से रोड कटिंग कार्य पर रोक लगाते हुए सख्त निर्देश जारी किए।

जिलाधिकारी ने साफ कहा कि शहर की सड़कों पर किसी भी प्रकार की मनमानी बर्दाश्त नहीं की जाएगी और जनता की सुरक्षा से कोई समझौता नहीं होगा।

डीएम के आदेश पर संबंधित एजेंसी को निर्देश दिए गए हैं कि दिनांक 02 फरवरी की शाम तक सभी प्रभावित स्थलों पर सड़क की बहाली कर यथास्थिति बहाल की जाए। निर्देशों की अवहेलना की स्थिति में संबंधित अधिशासी अभियंता सहित जिम्मेदार अधिकारियों व कर्मचारियों के विरुद्ध मुकदमा दर्ज करने की कार्रवाई की जाएगी।

जिलाधिकारी सविन बंसल ने स्पष्ट किया कि विकास कार्य जरूरी हैं, लेकिन नियमों और शर्तों के भीतर रहकर ही किए जाएंगे। जनहित से जुड़े मामलों में जिला प्रशासन पूरी सख्ती के साथ कार्रवाई जारी रखेगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *