रुड़की में पत्रकारों की भूमिका पर जोर, प्रशासन और समाज के बीच सेतु बताया गया प्रेस को

Spread the love

रुड़की। प्रेस क्लब महानगर रुड़की के नवनिर्वाचित पदाधिकारियों का शपथ ग्रहण समारोह ईदगाह चौराहा स्थित होटल सचिन इंटरनेशनल में भव्य रूप से आयोजित किया गया। समारोह में क्लब अध्यक्ष प्रिंस शर्मा, महासचिव मोनू शर्मा, उपाध्यक्ष आरिफ नियाजी, सचिव सलमान मलिक, कोषाध्यक्ष शहजाद राजपूत सहित निदेशक मंडल के सदस्यों ने पद एवं गोपनीयता की शपथ ग्रहण की।
कार्यक्रम के मुख्य वक्ता आचार्य लोकेश जी महाराज, पीठाधीश्वर स्वामी जगन्नाथ आश्रम ऋषिकेश ने पत्रकारों को सत्य के साथ खड़े रहने का संदेश दिया। उन्होंने कहा कि पत्रकारिता कोई नौकरी नहीं बल्कि एक मिशन है, जिसे जिम्मेदारी और सेवा भाव के साथ निभाया जाना चाहिए।
समारोह में मौजूद दीपक रामचंद्र सेठ (ज्वाइंट मजिस्ट्रेट, रुड़की) ने शहर की शिक्षानगरी के रूप में पहचान का उल्लेख करते हुए कहा कि यहां के पत्रकारों की भूमिका अन्य नगरों की अपेक्षा अधिक महत्वपूर्ण है।
दर्जा प्राप्त कैबिनेट मंत्री विनय रोहिल्ला कार्यक्रम में उपस्थित नहीं हो सके, लेकिन उन्होंने वर्चुअल माध्यम से संबोधित करते हुए प्रेस क्लब को हरसंभव सहयोग देने का आश्वासन दिया तथा भवन उपलब्ध कराने के लिए प्रयास करने की बात कही।
जिला सूचना अधिकारी रतीलाल ने कहा कि पत्रकार समाज का दर्पण होते हैं और उनकी निष्पक्षता ही लोकतंत्र की मजबूती का आधार है।
अनीता देवी अग्रवाल (मेयर) ने कहा कि रुड़की का सौहार्द और पत्रकारों की एकजुटता शहर की पहचान है। वहीं नगर आयुक्त राकेश चंद्र तिवारी ने पत्रकारों को प्रशासन और जनता के बीच महत्वपूर्ण सेतु बताया।
पूर्व मेयर गौरव गोयल ने पत्रकारिता को तलवार की धार पर चलने जैसा दायित्वपूर्ण कार्य बताया। वरिष्ठ समाजसेविका पूजा गुप्ता, किसान नेता चौधरी सुभाष नंबरदार तथा मुख्य चिकित्सा अधीक्षक अरविंद कुमार मिश्रा सहित अन्य वक्ताओं ने भी पत्रकारों की भूमिका को समाज के लिए अत्यंत महत्वपूर्ण बताया।
भाजपा जिलाध्यक्ष डॉ. मधु सिंह ने पत्रकारों की समस्याओं को मुख्यमंत्री तक पहुंचाने और उनके समाधान के लिए प्रयास जारी रखने का भरोसा दिलाया।
अल्पसंख्यक शिक्षा प्राधिकरण के अध्यक्ष डॉ. सुरजीत सिंह गांधी तथा दर्जा प्राप्त राज्यमंत्री देशराज कर्णवाल सहित अन्य अतिथियों ने भी पत्रकारों के योगदान की सराहना की।
समारोह का संचालन अंतरराष्ट्रीय शायर अफजल मंगलौरी ने किया। कार्यक्रम में अतिथियों का सम्मान और नवनिर्वाचित कार्यकारिणी का अभिनंदन भी किया गया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *