कर्मचारी यूनियन ने कुलसचिव के खिलाफ उठाए गंभीर सवाल, कार्य और भत्ते रोकने का आरोप

Spread the love

हरिद्वार। गुरुकुल कांगड़ी समविश्वविद्यालय के शिक्षकेत्तर कर्मचारी यूनियन ने विश्वविद्यालय के कुलसचिव प्रो0 सुनील कुमार के खिलाफ वित्तीय अनियमितता के आरोप लगाए हैं। यूनियन ने कुलसचिव पर गंभीर आरोप लगाते हुए कहा कि विश्वविद्यालय प्रशासन द्वारा कर्मचारियों के कार्य और भत्ते लगातार रोके जा रहे हैं, जिससे कर्मचारी आक्रोशित हैं।

यूनियन के पदाधिकारियों ने कहा कि कुलसचिव के खिलाफ कुछ महत्वपूर्ण दस्तावेज़ प्राप्त हुए हैं, जिनसे उनकी वित्तीय गतिविधियों पर सवाल उठाए जा रहे हैं। यूनियन के अध्यक्ष रजनीश भारद्वाज ने आरोप लगाया कि विश्वविद्यालय में कर्मचारियों के साथ सौतेला व्यवहार किया जा रहा है और इस व्यवहार के खिलाफ कई बार कुलसचिव को फटकार भी लगाई गई है। बावजूद इसके कर्मचारियों के कार्य एवं भत्ते लगातार रोके गए हैं।

रजनीश भारद्वाज ने आगे कहा कि यूनियन द्वारा विश्वविद्यालय प्रशासन को कई बार मांगपत्र दिए गए हैं, लेकिन कर्मचारियों के हितों के लिए प्रशासन कोई ठोस कदम नहीं उठा रहा है। हाल ही में कर्मचारियों ने कुलपति और कुलसचिव का घेराव भी किया था, लेकिन उनकी मांगों को पूरी तरह नकार दिया गया।

यूनियन के महामंत्री नरेन्द्र मलिक ने कहा कि स्ववित्तपोषित अनुदान के तहत विश्वविद्यालय में कई कोर्स चलाए जा रहे हैं, लेकिन इन्हें अब तक उच्च स्तरीय संस्था द्वारा ऑडिट नहीं कराया गया है। उन्होंने आरोप लगाया कि स्ववित्तपोषित बजट का दुरुपयोग किया जा रहा है, जिसके कारण 80 से अधिक कर्मचारियों के भविष्य निधि के साथ खिलवाड़ किया जा रहा है।

नरेन्द्र मलिक ने यह भी कहा कि एक व्यक्ति ने प्रो0 सुनील कुमार के खिलाफ पत्रावली तैयार की है, जो अब चर्चा का विषय बन गई है। यूनियन ने विश्वविद्यालय प्रशासन से एक सप्ताह का समय मांगा है, ताकि इस मामले की जांच करवाई जा सके। अगर प्रशासन ने इस मामले में उचित कार्यवाही नहीं की, तो यूनियन धरना-प्रदर्शन करने पर मजबूर होगी और इसकी पूरी जिम्मेदारी गुरुकुल कांगड़ी समविश्वविद्यालय प्रशासन की होगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *