ऋषिकेश। गंगानगर इलाके में NRI संपत्ति मालिक रमेश कुमार के मकान को लेकर केयरटेकर और उसके परिवार ने बड़ा कूट-कांड किया। पुलिस सूत्रों के अनुसार, रमेश कुमार, जो डेनमार्क में अपने बेटे के पास रहते हैं, ने अपने मकान का कुछ हिस्सा किराए पर और केयरटेकर मदनलाल शर्मा को दिया था।
पुलिस ने बताया कि मदनलाल शर्मा ने मकान मालिक की गैर-मौजूदगी में 100 रुपए के फर्जी स्टांप पेपर पर कूट रचित दस्तावेज तैयार कर संपत्ति अपने नाम करने की कोशिश की। 8 जनवरी 2021 को मदनलाल शर्मा की एम्स में बीमारी से मृत्यु हो गई। इसके बाद उनकी पत्नी मुक्तेश देवी और उनके बच्चे—मनीष, करुण और मीनाक्षी शर्मा—ने इस षड्यंत्र को आगे बढ़ाया और किसी तरह नगर निगम से संपत्ति अपने नाम दर्ज करवा ली।
20 जुलाई 2023 को यह जानकारी विदेश बैठे रमेश कुमार को मिली। उन्होंने साई विहार कॉलोनी निवासी प्रमोद कुमार नौटियाल को पावर ऑफ अटॉर्नी देकर कार्रवाई करने को कहा। प्रमोद कुमार ने डीएम को शिकायत देकर मामले की पूरी जानकारी दी और आरोप लगाया कि कोरोना के समय से लगभग 5 लाख रुपये का किराया हड़प लिया गया।
पुलिस ने मृतक मदनलाल शर्मा, उनकी पत्नी और बच्चों के खिलाफ नामजद मुकदमा दर्ज कर अग्रिम जांच शुरू कर दी है। मामला अब नगर निगम और पुलिस दोनों के पास दर्ज है और कार्रवाई जारी है।
ऋषिकेश मे 5 लाख रुपये का किराया हड़पने और फर्जी दस्तावेज का खुलासा
