देहरादून। श्री गुरु राम राय विश्वविद्यालय (एसजीआरआर) में बुधवार को सांस्कृतिक चेतना, रचनात्मकता और युवा उत्साह का भव्य संगम देखने को मिला। विश्वविद्यालय परिसर में चार दिवसीय सांस्कृतिक सप्ताह का जोरदार शुभारंभ हुआ, जो 4 फरवरी से 7 फरवरी तक चलेगा। उद्घाटन दिवस पर छात्र-छात्राओं की मनमोहक प्रस्तुतियों ने दर्शकों को मंत्रमुग्ध कर दिया और पूरा परिसर उत्सवमय वातावरण में डूब गया।
सांस्कृतिक सप्ताह के शुभारंभ पर विश्वविद्यालय के माननीय प्रेसिडेंट श्रीमहंत देवेंद्र दास जी महाराज ने आयोजन समिति को शुभकामनाएं प्रेषित करते हुए कहा कि ऐसे आयोजन विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास की मजबूत नींव रखते हैं।
विश्वविद्यालय के ऑडिटोरियम में आयोजित उद्घाटन समारोह का शुभारंभ कुलपति प्रो. (डॉ.) के. प्रतापन द्वारा दीप प्रज्वलन के साथ किया गया। उन्होंने कहा कि एसजीआरआर विश्वविद्यालय शिक्षा को केवल पाठ्यक्रम तक सीमित नहीं रखता, बल्कि विद्यार्थियों को सांस्कृतिक, सामाजिक और नैतिक रूप से सशक्त बनाने की दिशा में निरंतर प्रयासरत है। सांस्कृतिक गतिविधियाँ छात्रों में आत्मविश्वास, नेतृत्व क्षमता और रचनात्मक दृष्टिकोण को विकसित करती हैं।
कुलसचिव डॉ. लोकेश गंभीर ने कहा कि एसजीआरआर विश्वविद्यालय विद्यार्थियों को शिक्षा के साथ-साथ सह-शैक्षणिक गतिविधियों में आगे बढ़ने के लिए निरंतर मंच उपलब्ध कराता है, जिससे उनमें अनुशासन, संगठन और टीमवर्क की भावना सुदृढ़ होती है।
डीन स्टूडेंट वेलफेयर प्रो. (डॉ.) मालविका सती कांडपाल ने जानकारी दी कि सांस्कृतिक सप्ताह के दौरान नृत्य, संगीत, फैशन शो, रंगोली, बेस्ट आउट ऑफ वेस्ट एवं फूड फेस्ट जैसी अनेक प्रतियोगिताओं का आयोजन किया जा रहा है।
कार्यक्रम के पहले दिन आयोजित फैशन शो ने विशेष आकर्षण बटोरा, जिसमें देश के विभिन्न राज्यों की समृद्ध संस्कृति की जीवंत झलक देखने को मिली। पारंपरिक वेशभूषा में मंच पर उतरे छात्र-छात्राओं ने भारतीय सांस्कृतिक विविधता को प्रभावशाली ढंग से प्रस्तुत किया। इस अवसर पर विभिन्न संकायों के विद्यार्थियों में उत्साह और सहभागिता का विशेष माहौल देखने को मिला।
कार्यक्रम में सांस्कृतिक समिति की चेयरपर्सन डॉ. प्रिया पांडे, चीफ प्रॉक्टर डॉ. गणराजन, सभी स्कूलों के डीन, विभागाध्यक्ष, शिक्षकगण तथा बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे। कार्यक्रम के अंत में ईशा शर्मा द्वारा धन्यवाद ज्ञापन प्रस्तुत किया गया।
शिक्षा के साथ संस्कृति की उड़ान: एसजीआरआर विश्वविद्यालय में रंगारंग उत्सव
