पदयात्रा से लेकर भव्य आरोहण तक: श्री झंडा जी मेला की तैयारी में हर कदम पर संगतों की सुविधा सुनिश्चित

Spread the love

देहरादून। राजधानी देहरादून में आयोजित होने वाले ऐतिहासिक श्री झण्डा जी मेले की तैयारियां अब चरम पर पहुंच गई हैं। इसी क्रम में शुक्रवार को हरियाणा के अराईयांवाला में श्रद्धा और उत्साह के बीच 60 फीट ऊंचे श्री झण्डे जी का विधिवत आरोहण किया गया। पूरा क्षेत्र “श्री गुरु राम राय जी महाराज की जय” के जयकारों से गुंजायमान हो उठा।
दरबार श्री गुरु राम राय जी महाराज के सज्जादे गद्दीनशीन श्रीमहंत देवेन्द्र दास जी महाराज के नेतृत्व में 100 सदस्यीय जत्था देहरादून से अराईयांवाला के लिए रवाना हुआ। सुबह 9 बजे प्रस्थान कर जत्था दोपहर 12:10 बजे अराईयांवाला पहुंचा, जहां परंपरा के अनुसार पुराने श्री झण्डे जी को सम्मानपूर्वक उतारकर नए ध्वज का दूध, दही, घी, मक्खन, गंगाजल और पंचगव्य से पवित्र स्नान कराया गया। इसके बाद हजारों श्रद्धालुओं की उपस्थिति में भव्य आरोहण संपन्न हुआ।
धार्मिक विधि-विधान, मंत्रोच्चार और अरदास के बीच पूरा वातावरण भक्तिमय बना रहा। अनेक श्रद्धालु भाव-विभोर होकर नतमस्तक हुए। कार्यक्रम के उपरांत विशाल लंगर एवं प्रसाद वितरण में संगतों ने श्रद्धापूर्वक भाग लिया।
इससे पूर्व दरबार परिसर में विशेष पूजा-अर्चना और अरदास आयोजित की गई। श्रीमहंत देवेन्द्र दास जी महाराज ने मेला संचालन कमेटी को आगामी मेले की तैयारियों को लेकर आवश्यक दिशा-निर्देश भी जारी किए। उन्होंने कहा कि श्री झण्डा मेला गुरु परंपरा, सेवा, त्याग और मानवता का जीवंत प्रतीक है, जिसमें देश-विदेश से लाखों श्रद्धालु शामिल होते हैं।
परंपरा के तहत 25 फरवरी को हुक्मनामा लेकर पुजारी बड़ागांव, हरियाणा के लिए रवाना हुए थे। वहां से संगत पदयात्रा करते हुए देहरादून की ओर प्रस्थान करती है। 28 फरवरी को सहसपुर स्थित श्री गुरु राम राय पब्लिक स्कूल में पैदल संगत का स्वागत होगा, जबकि 1 मार्च को संगत देहरादून पहुंचेगी, जहां कांवली गांव और दर्शनी गेट पर भव्य स्वागत की तैयारियां की गई हैं।
मेला अधिकारी विजय गुलाटी ने बताया कि दरबार परिसर को आकर्षक विद्युत सज्जा, पुष्प सज्जा और भव्य प्रवेश द्वारों से सजाया जा रहा है। श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए पेयजल, चिकित्सा, सुरक्षा, स्वच्छता और यातायात की व्यापक व्यवस्थाएं सुनिश्चित की गई हैं।
7 मार्च को पूरब की संगत की विदाई होगी तथा 8 मार्च को देहरादून स्थित दरबार श्री गुरु राम राय जी महाराज परिसर में श्री झण्डे जी के भव्य आरोहण के साथ इस वर्ष के ऐतिहासिक मेले का विधिवत शुभारंभ होगा। हर वर्ष की भांति इस बार भी यह मेला आस्था, समरसता और आध्यात्मिक ऊर्जा का अनुपम पर्व साबित होने जा रहा है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *