देवी आस्था से सजी गढ़वाली फिल्म ‘मां सुरकंडा’ का भव्य शुभारंभ

Spread the love

ऋषिकेश। पी.आर. फ़िल्म प्रोडक्शन के बैनर तले निर्मित गढ़वाली फीचर फिल्म ‘मां सुरकंडा’ (Maa Surkanda) ने पहले ही दिन दर्शकों के बीच गहरी छाप छोड़ दी। देहरादून रोड स्थित रामा पैलेस में प्रदर्शित फिल्म का पहला शो हाउसफुल रहा। धार्मिक आस्था, सांस्कृतिक विरासत और गढ़वाली भावनाओं से सजी इस फिल्म के शुभारंभ अवसर पर पूरा सभागार भक्तिमय वातावरण से सराबोर नजर आया।
फिल्म के प्रथम शो का शुभारंभ मां सुरकंडा डोली दरबार के परमाध्यक्ष उपासक आचार्य अजय बिजल्वाण एवं अंतरराष्ट्रीय गढ़वाल महासभा के अध्यक्ष डॉ. राजे नेगी ने संयुक्त रूप से फीता काटकर किया। इस दौरान फिल्म से जुड़े कलाकारों एवं निर्माताओं ने मुख्य अतिथियों का माल्यार्पण कर उनका भव्य स्वागत किया।
फिल्म के निर्देशक अशोक चौहान (आशु) ने बताया कि आंचलिक भाषा में बनी यह भक्ति फीचर फिल्म टिहरी गढ़वाल स्थित मां सुरकंडा देवी मंदिर के समीप मनोहारी प्राकृतिक स्थलों पर फिल्माई गई है। उन्होंने कहा कि उत्कृष्ट कैमरावर्क, मधुर गीत-संगीत, सशक्त संवाद और पहाड़ की अनुपम सुंदरता इस फिल्म की विशेष पहचान है।
मुख्य अतिथि उपासक आचार्य अजय बिजल्वाण ने कहा कि ‘मां सुरकंडा’ केवल एक चलचित्र नहीं, बल्कि श्रद्धा, विश्वास और संस्कृति की जीवंत प्रस्तुति है, जो दर्शकों को देवी दर्शन के साथ-साथ अपने मूल संस्कारों से जोड़ती है। वहीं डॉ. राजे नेगी ने कहा कि यह फिल्म उत्तराखंड की सांस्कृतिक धरोहर और मां सुरकंडा देवी की धार्मिक महिमा को प्रभावशाली ढंग से उजागर करती है।
निर्माताओं ने बताया कि फिल्म प्रतिदिन सुबह 11:15 बजे एक शो में प्रदर्शित की जा रही है। उन्होंने अधिक से अधिक संख्या में लोगों से फिल्म देखने और गढ़वाली सिनेमा को प्रोत्साहित करने की अपील की।
कार्यक्रम में समाजसेवी कुसुम जोशी, निर्माता प्रेम सिंह एवं राजेंद्र भट्ट, अभिनेता राजेश मालगुडी, सावन गैरोला, अभिनेत्री साक्षी काला, संजय चमोली, पदम गुसाईं, अरविंद नेगी, मनोज चौहान, शरद काला, शांतनु चौहान, पूनम सकलानी, उषा डोभाल सहित अनेक गणमान्य लोग मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *