देहरादून में गुरु राम राय विश्वविद्यालय बना देशप्रेम का केंद्र

Spread the love

देहरादून। शहीदी दिवस के अवसर पर “मेरा युवा भारत” देहरादून के तत्वावधान में गुरु राम राय विश्वविद्यालय में एक भव्य पदयात्रा का आयोजन किया गया, जिसमें युवाओं ने बढ़-चढ़कर भाग लेते हुए देशभक्ति का शानदार प्रदर्शन किया।

कार्यक्रम का शुभारंभ महान स्वतंत्रता सेनानियों शहीद भगत सिंह, राजगुरु और सुखदेव के चित्रों पर पुष्प अर्पित कर किया गया। मुख्य अतिथि डीन स्टूडेंट वेलफेयर डॉ. मालविका ने युवाओं को राष्ट्र सेवा, कर्तव्यनिष्ठा और सामाजिक जिम्मेदारी के प्रति प्रेरित करते हुए कहा कि शहीदों का बलिदान हमें देश के प्रति समर्पण का संदेश देता है।

इस अवसर पर एनएसएस के कार्यक्रम अधिकारी श्री आनंद एवं श्रीमती कमला की उपस्थिति ने कार्यक्रम को गरिमा प्रदान की। मेरा युवा भारत देहरादून की उपनिदेशक मोनिका नांदल ने बताया कि इस प्रकार के आयोजन युवाओं में राष्ट्रप्रेम और सामाजिक चेतना को मजबूत करते हैं।

कार्यक्रम के तहत विश्वविद्यालय परिसर से पथरीबाग चौक तक निकाली गई पदयात्रा में सैकड़ों छात्र-छात्राओं ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। प्रतिभागियों ने “मेरा भारत मेरी जिम्मेदारी”, “इंकलाब जिंदाबाद” और “भारत माता की जय” जैसे जोशीले नारों के साथ पूरे वातावरण को देशभक्ति से सराबोर कर दिया।

कार्यक्रम के अंत में सभी प्रतिभागियों को अल्पाहार वितरित किया गया। यह आयोजन न केवल शहीदों को श्रद्धांजलि देने का माध्यम बना, बल्कि युवाओं में देशप्रेम और सामाजिक जागरूकता का सशक्त संदेश भी छोड़ गया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *