देहरादून। उत्तराखंड के चिकित्सा क्षेत्र के लिए गौरवपूर्ण खबर सामने आई है। जॉलीग्रांट स्थित Himalayan Institute of Medical Sciences (हिम्स) की वरिष्ठ श्वसन रोग विशेषज्ञ डॉ. राखी खंडूरी को राष्ट्रीय स्तर पर बड़ी उपलब्धि हासिल हुई है। उन्हें देश की दो प्रतिष्ठित संस्थाओं Indian Chest Society तथा National College of Chest Physician द्वारा फेलोशिप से सम्मानित किया गया है।
यह सम्मान बिहार की राजधानी पटना में आयोजित NAPCON-2025 के दौरान प्रदान किया गया। श्वसन रोग विशेषज्ञों के इस चार दिवसीय राष्ट्रीय सम्मेलन में देशभर से लगभग तीन हजार से अधिक विशेषज्ञों ने भाग लिया, जहां चिकित्सा अनुसंधान, नई तकनीकों और उपचार पद्धतियों पर व्यापक चर्चा हुई।
विशेषज्ञों के अनुसार किसी भी मेडिकल सोसाइटी की फेलोशिप उस क्षेत्र का सर्वोच्च पेशेवर सम्मान मानी जाती है, जो केवल उन चिकित्सकों को प्रदान किया जाता है जिन्होंने अपने क्षेत्र में उत्कृष्ट कार्य, दीर्घकालीन सेवा और अनुसंधान में उल्लेखनीय योगदान दिया हो।
सम्मान मिलने पर डॉ. राखी खंडूरी ने इसे अपने लिए गौरव के साथ-साथ जिम्मेदारी का क्षण बताते हुए कहा कि यह उपलब्धि उन्हें भविष्य में और अधिक समर्पण के साथ कार्य करने तथा श्वसन रोगों के क्षेत्र में शोध को नई ऊंचाइयों तक ले जाने की प्रेरणा देगी।
डॉ. राखी की इस उपलब्धि से हिम्स जॉलीग्रांट में खुशी का माहौल है। संस्थान और चिकित्सा जगत से जुड़े विशेषज्ञों ने इसे न केवल व्यक्तिगत उपलब्धि, बल्कि संस्थान और प्रदेश के लिए गर्व का क्षण बताया है।
देश के शीर्ष सम्मेलन में हिम्स की विशेषज्ञ का जलवा, दो बड़े फेलोशिप सम्मान हासिल
