स्वास्थ्य, मानवता और सेवा: SGRRU

Spread the love

देहरादून। श्री गुरु राम राय इंस्टीट्यूट ऑफ मेडिकल एण्ड हेल्थ साइंसेज (SGRRIM&HS) एवं श्री महंत इन्दिरेश अस्पताल के कम्युनिटी मेडिसिन विभाग द्वारा ‘फैमिली एडॉप्शन प्रोग्राम’ के अंतर्गत सहसपुर, देहरादून में एक निःशुल्क स्वास्थ्य शिविर का आयोजन किया गया। यह शिविर सहसपुर की जंगलात रोड पर ग्राम प्रधान श्री अनीस अहमद के निवास स्थान पर संपन्न हुआ।

शिविर में अस्पताल के विभिन्न विभागों के विशेषज्ञ चिकित्सकों ने भाग लिया, जिनमें मेडिसिन विभाग से डॉ. अनमोल गोयल एवं डॉ. दीपा, स्त्री एवं प्रसूति रोग विभाग से डॉ. राशि वार्ष्णेय, सर्जरी विभाग से डॉ. उपमन्यु जोशी, शिशु रोग विभाग से डॉ. मोहम्मद शाबान तथा नेत्र रोग विभाग से डॉ. राजेश्वर सिंह एवं डॉ. सुमित ओली प्रमुख रहे।

शिविर के दौरान निःशुल्क ब्लड शुगर, हीमोग्लोबिन, ब्लड प्रेशर तथा नेत्र जांचें की गईं। इसके अतिरिक्त, रोगियों को निःशुल्क आवश्यक दवाइयां भी वितरित की गईं।

यह स्वास्थ्य शिविर सहसपुर सहित आसपास के ग्रामीण क्षेत्रों — जैसे ढाकी, रैदापुर चारबा, कुशालपुर, लक्ष्मीपुर चांचक, शंकरपुर आदि — के 185 से अधिक लोगों के लिए लाभकारी सिद्ध हुआ। ग्रामीणों, विशेषकर आर्थिक रूप से कमजोर वर्ग, ने शिविर में बढ़-चढ़कर भाग लिया।

इस अवसर पर कम्युनिटी मेडिसिन विभाग के विभागाध्यक्ष डॉ. पुनीत ओहरी ने बताया कि यह शिविर राष्ट्रीय मेडिकल काउंसिल (NMC) के दिशा-निर्देशों के अनुसार ‘फैमिली एडॉप्शन प्रोग्राम’ के तहत आयोजित किया गया। उन्होंने कहा कि इस कार्यक्रम का उद्देश्य गांवों में रह रहे गरीब व जरूरतमंद लोगों को उनके ही क्षेत्र में गुणवत्तापरक और निःशुल्क स्वास्थ्य सेवाएं प्रदान करना है।

डॉ. ओहरी ने जानकारी दी कि संस्थान द्वारा मोथरोवाला और भाऊवाला में ग्रामीण स्वास्थ्य परीक्षण केंद्र और खुड़बुड़ा में नगर स्वास्थ्य प्रशिक्षण केंद्र का संचालन भी किया जा रहा है, जहाँ विशेषज्ञ डॉक्टरों की देखरेख में न्यूनतम शुल्क पर सेवाएं उपलब्ध हैं।

शिविर को सफल बनाने में आयोजन समन्वयक डॉ. मेघा लूथरा, डॉ. मोहम्मद अंसार, डॉ. राहुल शर्मा, डॉ. परकीत सिंह, डॉ. परविंदर, डॉ. रश्मि, हैल्थ इंस्पेक्टर संदीप कुमार, उप वरिष्ठ जनसंपर्क अधिकारी श्री सुहेब खान एवं ग्राम प्रधान अनीस अहमद का विशेष योगदान रहा।

डॉ. पुनीत ओहरी ने यह भी कहा कि भविष्य में भी श्री गुरु राम राय इंस्टीट्यूट ऑफ मेडिकल एण्ड हेल्थ साइंसेज का कम्युनिटी मेडिसिन विभाग जनसेवा एवं मानवता की भावना से प्रेरित होकर ऐसे निःशुल्क शिविरों का आयोजन करता रहेगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *