मुख्य कृषि अधिकारी विजय देवराड़ी को बड़ी जिम्मेदारी, सटीक पैदावार आंकलन के निर्देश जारी

Spread the love

टिहरी गढ़वाल। जनपद में किसानों को उनकी मेहनत का सही मूल्य दिलाने के उद्देश्य से मुख्य विकास अधिकारी वरूणा अग्रवाल ने विकासखंड नरेंद्र नगर के ग्राम ओणी में गेहूं की क्रॉप कटिंग प्रक्रिया का स्थलीय निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान मुख्य विकास अधिकारी वरूणा अग्रवाल ने स्पष्ट कहा कि फसल आकलन में किसी भी प्रकार की लापरवाही या आंकड़ों में त्रुटि बर्दाश्त नहीं की जाएगी।

मुख्य विकास अधिकारी वरूणा अग्रवाल की मौजूदगी में कृषि एवं राजस्व विभाग की टीम द्वारा क्रॉप कटिंग कराई गई, जिसमें कास्तकार तोता सिंह के खेत में 30 वर्ग मीटर क्षेत्रफल से 23.707 किलोग्राम तथा रमेश के खेत से 23.7 किलोग्राम गेहूं उत्पादन दर्ज किया गया। सीडीओ वरूणा अग्रवाल ने मौके पर ही पूरी प्रक्रिया की बारीकी से निगरानी की और आंकड़ों की शुद्धता पर विशेष जोर दिया।

इस दौरान मुख्य विकास अधिकारी वरूणा अग्रवाल ने मुख्य कृषि अधिकारी विजय देवराड़ी को निर्देशित करते हुए कहा कि क्षेत्र की वास्तविक औसत पैदावार तय करने के लिए पिछले दो-तीन वर्षों के क्रॉप कटिंग आंकड़ों का वैज्ञानिक विश्लेषण किया जाए। उन्होंने मुख्य कृषि अधिकारी विजय देवराड़ी को यह भी निर्देश दिए कि पिछले वर्ष के आंकड़ों के साथ तुलनात्मक रिपोर्ट तैयार कर शीघ्र प्रस्तुत की जाए, ताकि इस वर्ष की पैदावार का सटीक आकलन किया जा सके।

मुख्य विकास अधिकारी वरूणा अग्रवाल ने दोहराया कि फसल आकलन की प्रक्रिया पूरी तरह पारदर्शी, निष्पक्ष और वैज्ञानिक होनी चाहिए। उन्होंने मुख्य कृषि अधिकारी विजय देवराड़ी को फील्ड स्तर पर सतत निगरानी बनाए रखने, अधिकारियों की जवाबदेही तय करने और किसी भी प्रकार की विसंगति पर तत्काल कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

सीडीओ वरूणा अग्रवाल ने कहा कि सटीक आंकलन ही किसानों के हितों की रक्षा करेगा और भविष्य की कृषि नीतियों व आपदा राहत योजनाओं के लिए मजबूत आधार तैयार करेगा। उन्होंने यह भी स्पष्ट किया कि किसानों के साथ किसी भी प्रकार का अन्याय नहीं होने दिया जाएगा।

निरीक्षण के दौरान तहसीलदार नरेंद्र अयोध्या प्रसाद उनियाल, पटवारी विनोद राणा, इंश्योरेंस कंपनी के अजय राणा सहित संबंधित किसान उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *