ऐतिहासिक श्री झण्डा जी मेले में उमड़ी लाखों संगत, श्री दरबार साहिब में आज मुख्य आयोजन

Spread the love

देहरादून। गुरु की नगरी देहरादून में इन दिनों श्रद्धा, आस्था और भक्ति का अद्भुत वातावरण देखने को मिल रहा है। ऐतिहासिक श्री झण्डा जी मेले के अवसर पर श्री दरबार साहिब में देश-विदेश से आई संगतों का सैलाब उमड़ पड़ा है। परिसर में चारों ओर गुरु महाराज के जयकारे गूंज रहे हैं और संगतें सेवा, भक्ति व आध्यात्मिक उल्लास में सराबोर दिखाई दे रही हैं।
मेले की पूर्व संध्या पर शनिवार को श्री दरबार साहिब में सज्जादे गद्दीनशीन श्रीमहंत देवेन्द्र दास महाराज ने संगतों को गुरु मंत्र प्रदान किया। गुरु मंत्र प्राप्त कर संगतें भावविभोर हो उठीं और स्वयं को धन्य मानते हुए गुरु राम राय महाराज का आशीर्वाद लिया।
रविवार को सुबह 7 बजे से श्री दरबार साहिब में पवित्र श्री झण्डे जी को उतारने की प्रक्रिया शुरू होगी। इसके बाद दूध, दही, घी, मक्खन, गंगाजल और पंचगव्य से ध्वजदण्ड का स्नान कराया जाएगा। वैदिक विधि-विधान से पूजा-अर्चना और अरदास के बाद सुबह 10 बजे से झण्डे जी पर गिलाफ चढ़ाने का कार्य आरंभ होगा। दोपहर 2 से 4 बजे के बीच श्रीमहंत देवेन्द्र दास महाराज की अगुवाई में पवित्र श्री झण्डे जी का विधिवत आरोहण किया जाएगा, जो मेले का मुख्य आकर्षण होता है।
आयोजन समिति ने मेले की तैयारियों को अंतिम रूप दे दिया है। श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए श्री दरबार साहिब परिसर में पांच एलईडी स्क्रीन लगाई गई हैं, जिन पर धार्मिक कार्यक्रमों का सीधा प्रसारण होगा। इसके साथ ही फेसबुक और यूट्यूब के माध्यम से भी कार्यक्रम का लाइव प्रसारण किया जाएगा।
मेले में आने वाली भारी भीड़ को देखते हुए स्वास्थ्य सुविधाओं की भी विशेष व्यवस्था की गई है। श्री महंत इन्दिरेश अस्पताल की डॉक्टरों की टीम मेला स्थल पर तैनात है और श्रद्धालुओं को निःशुल्क चिकित्सा सुविधा उपलब्ध कराई जा रही है।
शनिवार को पूरे दिन श्री दरबार साहिब परिसर में भक्ति और आध्यात्मिक उल्लास का माहौल बना रहा। संगतों ने गुरु महाराज के शबद का सिमरन किया और ढोल की थाप पर गुरु भजनों के साथ भक्ति भाव से झूमते नजर आए।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *