एमडीडीए का अभियान तेज — नोटिस के बाद भी निर्माण जारी रखने वालों पर सख्ती

Spread the love

ऋषिकेश। अवैध निर्माण और अवैध प्लाटिंग के खिलाफ सख्त अभियान चलाते हुए मसूरी‑देहरादून विकास प्राधिकरण (एमडीडीए) ने बड़ी कार्रवाई करते हुए ऋषिकेश के आदर्श नगर क्षेत्र में बन रहे एक बहुमंजिला भवन को सील कर दिया। यह कार्रवाई बिना स्वीकृत मानचित्र के किए जा रहे निर्माण के खिलाफ की गई।
प्राधिकरण की टीम ने रेलवे स्टेशन के निकट स्थित क्षेत्र में निरीक्षण के दौरान पाया कि सिद्धार्थ सिंघल द्वारा नियमों के विपरीत बहुमंजिला भवन का निर्माण कराया जा रहा था। पूर्व में नोटिस जारी होने के बावजूद संतोषजनक जवाब न मिलने पर भवन को सील कर दिया गया। कार्रवाई सहायक अभियंता अभिषेक भारद्वाज, अवर अभियंता पूनम सकलानी, सुपरवाइजर और पुलिस बल की मौजूदगी में की गई।
इस कार्रवाई को लेकर प्राधिकरण के उपाध्यक्ष बंशीधर तिवारी ने स्पष्ट कहा कि प्राधिकरण क्षेत्र में अवैध निर्माण किसी भी स्थिति में स्वीकार नहीं किया जाएगा। उन्होंने कहा कि बिना मानचित्र स्वीकृति के निर्माण शहरी नियोजन, मास्टर प्लान और जनसुरक्षा — तीनों के लिए खतरा है। नियमों का उल्लंघन करने वालों पर सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।
वहीं प्राधिकरण के सचिव मोहन सिंह बर्निया ने बताया कि संबंधित निर्माणकर्ता को पहले ही नोटिस जारी किया गया था, लेकिन संतोषजनक जवाब न मिलने पर सीलिंग की कार्रवाई अनिवार्य हो गई। उन्होंने चेतावनी दी कि बिना स्वीकृत मानचित्र के किसी भी प्रकार का निर्माण पाए जाने पर तत्काल विधिक कार्रवाई की जाएगी।
प्राधिकरण ने आम नागरिकों से अपील की है कि किसी भी निर्माण कार्य से पहले विधिवत मानचित्र स्वीकृति अवश्य प्राप्त करें, ताकि क्षेत्र का सुरक्षित और सुनियोजित विकास सुनिश्चित किया जा सके।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *