न्यूनतम चीर-फाड़, अधिक राहत—SGRRU में इंटरवेंशनल रेडियोलॉजी दिवस पर चिकित्सा नवाचारों की झलक

Spread the love

देहरादून। श्री गुरु राम राय इंस्टीट्यूट ऑफ मेडिकल एण्ड हैल्थ साइंसेज़ एवं श्री महंत इन्दिरेश अस्पताल, देहरादून में वैश्विक इंटरवेंशनल रेडियोलॉजी (आईआर) दिवस बड़े उत्साह और गरिमा के साथ मनाया गया। है कि प्रत्येक वर्ष 16 जनवरी को मनाए जाने वाले इस दिवस का उद्देश्य आधुनिक चिकित्सा में इंटरवेंशनल रेडियोलॉजी की बढ़ती भूमिका और इसके प्रभावों के प्रति जागरूकता फैलाना है।

कार्यक्रम में न्यूनतम चीर-फाड़ वाली इमेज-गाइडेड प्रक्रियाओं पर विशेष जोर दिया गया, जो कम दर्द, कम जोखिम और शीघ्र स्वस्थ होने की सुविधा प्रदान कर रोगी देखभाल में क्रांतिकारी परिवर्तन ला रही हैं।

समारोह में संस्थान के प्राचार्य डॉ. उत्कर्ष शर्मा ने प्रौद्योगिकी आधारित चिकित्सा विशेषज्ञताओं को आगे बढ़ाने की आवश्यकता पर बल देते हुए नैदानिक परिणामों में सुधार लाने में इंटरवेंशनल रेडियोलॉजी की महत्वपूर्ण भूमिका की सराहना की।

वहीं, श्री महंत इन्दिरेश अस्पताल के चिकित्सा अधीक्षक डॉ. गौरव रतूड़ी ने पारंपरिक शल्य चिकित्सा के प्रभावी विकल्प के रूप में इंटरवेंशनल रेडियोलॉजी के योगदान को रेखांकित किया।

रेडियोडायग्नोसिस विभाग के प्रोफेसर एवं विभागाध्यक्ष डॉ. राजीव कुमार आज़ाद ने रेडियोलॉजी के विकासक्रम पर प्रकाश डालते हुए नैदानिक इमेजिंग से लेकर चिकित्सीय हस्तक्षेप तक इसकी व्यापक उपयोगिता पर चर्चा की तथा युवा चिकित्सकों को इस उभरते क्षेत्र में करियर बनाने के लिए प्रेरित किया।

इंटरवेंशनल रेडियोलॉजी विभाग के प्रमुख प्रोफेसर एवं सलाहकार प्रभारी डॉ. प्रशांत सारडा ने ऑन्कोलॉजी, संवहनी रोगों और आपातकालीन चिकित्सा में हालिया प्रगति और जीवन रक्षक प्रक्रियाओं की जानकारी साझा की।

कार्यक्रम में प्रोफेसर डॉ. राजेंद्र कुमार श्रीवास्तव एवं प्रोफेसर डॉ. मनाली ने भी इंटरवेंशनल रेडियोलॉजी के बढ़ते महत्व पर अपने विचार रखे।

अकादमिक चर्चाओं और संवादों के माध्यम से इंटरवेंशनल रेडियोलॉजी को एक रोगी-हितैषी एवं भविष्योन्मुखी चिकित्सा विशेषज्ञता के रूप में प्रस्तुत किया गया।

समारोह का समापन समाजहित में इंटरवेंशनल रेडियोलॉजी के प्रति जागरूकता बढ़ाने एवं इस क्षेत्र में उत्कृष्टता को निरंतर आगे बढ़ाने की सामूहिक प्रतिबद्धता के साथ किया गया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *