राज्य सरकार के सहयोग से उपचार सुचारु, गणेश जोशी ने जताई संतुष्टि

Spread the love

देहरादून। रॉटविलर नस्ल के खूंखार कुत्तों के हमले में गंभीर रूप से घायल हुईं कौशल्या देवी का उपचार श्री महंत इन्दिरेश अस्पताल में चल रहा है। हमले में महिला के सिर, हाथ और पैरों पर गहरे घाव आए हैं, साथ ही हाथ की हड्डियाँ भी टूट गई हैं। सोमवार को महिला के घायल हाथ की सफल सर्जरी की गई।

राज्य के केबिनेट मंत्री गणेश जोशी ने सोमवार को अस्पताल पहुंचकर कौशल्या देवी का हालचाल जाना। उन्होंने महिला का उपचार कर रहे चिकित्सकों से बातचीत कर चिकित्सा व्यवस्था की जानकारी ली। मंत्री जोशी ने हड्डी रोग विशेषज्ञ डॉ. यश मोहन लाल से उपचार की प्रगति के बारे में विस्तृत जानकारी प्राप्त की और मरीज के शीघ्र स्वस्थ होने की कामना की।

अस्पताल के चिकित्सा अधीक्षक डॉ. अजय पंडिता ने बताया कि महिला को विशेष चिकित्सा निगरानी में रखा गया है। हड्डी रोग विभाग की टीम ने सोमवार को उनकी सर्जरी की। उन्होंने बताया कि इस प्रकार के मामलों में संक्रमण का गंभीर खतरा बना रहता है, इसलिए अस्पताल की डॉक्टरी टीम पूरी सतर्कता बरत रही है।

उपचार में हड्डी रोग, नाक-कान-गला तथा प्लास्टिक सर्जरी विभाग की संयुक्त टीम जुटी है। डॉक्टरों के अनुसार, भविष्य में प्लास्टिक सर्जरी की आवश्यकता भी पड़ सकती है।
सर्जरी टीम में डॉ. यश मोहन लाल, डॉ. अनुपम शर्मा, डॉ. शुभ्रांशु, एनेस्थीसिया विशेषज्ञ डॉ. पराग और डॉ. मेघना शामिल रहे।

अस्पताल प्रशासन और राज्य सरकार के बीच बेहतर समन्वय के चलते महिला का उपचार सुचारु रूप से जारी है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *