श्री झंडे जी के दरबार में लगी श्रद्धालुओं की कतारें, मेले में उमंग और भक्ति का संगम

Spread the love

देहरादून। ऐतिहासिक श्री झण्डे जी महोत्सव इन दिनों अपने चरम पर पहुंच गया है। 8 मार्च को श्री दरबार साहिब परिसर में श्री झण्डे जी के आरोहण के साथ शुरू हुए इस पावन आयोजन में अब देहरादून और आसपास के क्षेत्रों से बड़ी संख्या में श्रद्धालु दर्शन के लिए पहुंच रहे हैं। देश-विदेश से आई संगतें झण्डे जी आरोहण का साक्षी बनने के बाद लौट चुकी हैं, लेकिन अब स्थानीय श्रद्धालुओं की भारी भीड़ दरबार साहिब की ओर उमड़ रही है।

श्रद्धालु बड़ी आस्था और श्रद्धा के साथ श्री झण्डे जी तथा दरबार श्री गुरु राम राय जी महाराज के दरबार में माथा टेककर आशीर्वाद प्राप्त कर रहे हैं और अपनी मनोकामनाएं मांग रहे हैं। 8 मार्च को झण्डे जी आरोहण के बाद 15 मार्च को पहला रविवार होने के कारण मेले में श्रद्धालुओं की विशेष भीड़ देखने को मिली। अवकाश के चलते सुबह से ही दरबार साहिब परिसर और मेला स्थल पर चहल-पहल बनी रही।

दरबार श्री गुरु राम राय जी महाराज के सज्जादे गद्दीनशीन श्रीमहंत देवेन्द्र दास जी महाराज ने श्रद्धालुओं को दर्शन देकर आशीर्वाद प्रदान किया और मेले की शुभकामनाएं दीं। उन्होंने कहा कि श्री गुरु राम राय जी महाराज की कृपा से हर भक्त की मनोकामना पूर्ण होती है।
मेले के अवसर पर लगा विशाल बाजार भी इन दिनों लोगों से गुलजार है। दूर-दराज से आए व्यापारियों की दुकानों पर लोगों की अच्छी खासी भीड़ उमड़ रही है। रंग-बिरंगी दुकानों, खिलौनों, मिठाइयों और घरेलू सामान की खरीदारी करते हुए लोग मेले का भरपूर आनंद ले रहे हैं।
मेले में लगे झूले और मनोरंजन के साधन बच्चों और युवाओं के आकर्षण का केंद्र बने हुए हैं। वहीं दरबार साहिब स्थित पवित्र सरोवर आकर्षक विद्युत सज्जा से जगमगा रहा है, जो रात के समय बेहद मनमोहक दृश्य प्रस्तुत करता है। श्रद्धालु सरोवर के आसपास ठहरकर इस दिव्य वातावरण का आनंद लेते हुए दिखाई दे रहे हैं।
आस्था, उल्लास और सांस्कृतिक रंगों से सजा यह ऐतिहासिक श्री झण्डे जी महोत्सव इन दिनों दूनवासियों और बाहर से आए श्रद्धालुओं के लिए विशेष आकर्षण का केंद्र बना हुआ है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *