देहरादून।
दून की ऐतिहासिक धरोहर श्री दरबार साहिब में रविवार को आस्था का अद्भुत महासागर उमड़ पड़ा। श्री गुरु राम राय जी महाराज के जन्मोत्सव के पावन अवसर पर लाखों श्रद्धालुओं की मौजूदगी में ऐतिहासिक श्री झण्डा साहिब का भव्य आरोहण संपन्न हुआ। जैसे ही श्रद्धा से भरे स्वर “झण्डा चढ़या चढ़या ए देरादून…” दरबार साहिब परिसर में गूंजे, पूरा वातावरण गुरु भक्ति और आस्था के रंग में सराबोर हो उठा।
श्री दरबार साहिब के सज्जादे गद्दीनशीन श्रीमहंत देवेन्द्र दास जी महाराज के संदेश के साथ ही झण्डा आरोहण की प्रक्रिया शुरू हुई और पूरी द्रोणनगरी “जय श्री गुरु राम राय जी महाराज” के गगनभेदी जयकारों से गूंज उठी। ठीक शाम 4 बजकर 12 मिनट पर 94 फीट ऊंचे पवित्र श्री झण्डे जी का आरोहण पूर्ण हुआ। इस दिव्य क्षण के साक्षी बनते ही श्रद्धालु ढोल-नगाड़ों की थाप पर झूम उठे और गुरु महाराज के जयकारों से पूरा परिसर गूंज उठा। इसी के साथ ऐतिहासिक श्री झण्डे जी मेले का विधिवत शुभारंभ हो गया।
रविवार तड़के ही श्री दरबार साहिब परिसर में श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ पड़ी थी। देश-विदेश से आई संगतों ने श्रद्धा भाव से श्री झण्डे जी के समक्ष शीश नवाकर गुरु महाराज का आशीर्वाद प्राप्त किया। पूरे परिसर में तिल रखने तक की जगह नहीं थी और हर श्रद्धालु पवित्र ध्वज के दर्शन के लिए आतुर दिखाई दिया।
सुबह विशेष पूजा-अर्चना के बाद संगतों ने दूध, घी, शहद, गंगाजल और पंचगव्य से पवित्र ध्वज दंड का अभिषेक किया। इसके बाद 94 फीट ऊंचे श्री झण्डे जी पर सादे और शनील के गिलाफ चढ़ाने की प्रक्रिया शुरू हुई। परंपरा के अनुसार इस दौरान झण्डे जी को एक क्षण के लिए भी जमीन पर नहीं रखा गया और संगतों ने उसे अपने हाथों पर थामे रखा।
दोपहर में दर्शनी गिलाफ चढ़ते ही श्रद्धालुओं में आस्था का सैलाब उमड़ पड़ा। हजारों लोग पवित्र गिलाफ को स्पर्श कर पुण्य अर्जित करने के लिए उमड़ पड़े। नए मखमली वस्त्रों और सुनहरे गोटों से सुसज्जित श्री झण्डा साहिब का आरोहण होते ही पूरा परिसर भक्ति और उल्लास से झूम उठा।
झण्डा आरोहण के बाद श्रीमहंत देवेन्द्र दास जी महाराज ने देश-प्रदेशवासियों को श्री झण्डा जी महोत्सव की शुभकामनाएं देते हुए कहा कि यह मेला प्रेम, सद्भाव, भाईचारे और अमन-चैन का संदेश देता है। उन्होंने कामना की कि श्री गुरु राम राय जी महाराज की असीम कृपा सभी श्रद्धालुओं पर सदैव बनी रहे।
इस दौरान एक रोचक दृश्य तब देखने को मिला जब एक बाज ने श्री झण्डे जी की परिक्रमा की। श्रद्धालु इसे गुरु महाराज की दिव्य उपस्थिति का प्रतीक मानते हैं।
मेले के दिव्य दृश्य को अधिक से अधिक श्रद्धालुओं तक पहुंचाने के लिए परिसर में बड़ी एलईडी स्क्रीन लगाई गईं और सोशल मीडिया पर भी कार्यक्रम का सीधा प्रसारण किया गया। आयोजन समिति ने मेले के सफल संचालन में सहयोग देने के लिए पुलिस, प्रशासन, मीडिया और दूनवासियों का आभार व्यक्त किया।
श्री दरबार साहिब बना श्रद्धा का केंद्र, 94 फीट ऊंचे श्री झण्डे जी का हुआ भव्य आरोहण
