देहरादून। स्वामी राम हिमालयन विश्वविद्यालय (एसआरएचयू), जौलीग्रांट ने यूजीसी-एंटाइटल्ड ऑनलाइन स्नातक एवं स्नातकोत्तर पाठ्यक्रमों के लिए प्रवेश प्रक्रिया प्रारम्भ कर दी है। विश्वविद्यालय द्वारा शैक्षणिक सत्र 2025-26 (जनवरी/फरवरी) के तहत बी.कॉम, बीबीए, बीसीए (स्नातक) तथा एमबीए, एमसीए (स्नातकोत्तर) कार्यक्रम ऑनलाइन माध्यम से संचालित किए जाएंगे।
–30 मार्च तक आवेदन का मौका
सेंटर फॉर डिस्टेंस एंड ऑनलाइन एजूकेशन (सीडीओई) के निदेशक डॉ. मुकेश बिजलवान ने बताया कि सभी कार्यक्रम विश्वविद्यालय अनुदान आयोग के नियमानुसार संचालित किए जा रहे हैं और पारंपरिक डिग्री के समकक्ष पूरी तरह मान्य हैं। इच्छुक अभ्यर्थी 30 मार्च 2026 तक ऑनलाइन आवेदन कर सकते हैं।
प्रवेश प्रक्रिया, पात्रता, शुल्क संरचना एवं अन्य जानकारी विश्वविद्यालय की आधिकारिक वेबसाइट पर उपलब्ध है।
—-ड्यूल डिग्री का भी सुनहरा अवसर
विश्वविद्यालय यूजीसी दिशा-निर्देशों के अनुरूप विद्यार्थियों को एक साथ दो डिग्री (ड्यूल डिग्री) अर्जित करने का अवसर भी प्रदान कर रहा है। यह सुविधा खासतौर पर उन छात्रों और कार्यरत पेशेवरों के लिए उपयोगी है, जो लचीले एवं तकनीक-आधारित शिक्षण मॉडल के माध्यम से अपने करियर को नई दिशा देना चाहते हैं।
—केंद्रीय मंत्री की मौजूदगी में हुआ शुभारम्भ
इन ऑनलाइन कार्यक्रमों का औपचारिक शुभारम्भ केंद्रीय स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण तथा रसायन एवं उर्वरक मंत्री जे.पी. नड्डा की गरिमामयी उपस्थिति में किया गया। विश्वविद्यालय प्रशासन के अनुसार यह पहल राष्ट्रीय शिक्षा नीति 2020 की भावना के अनुरूप है, जिसका उद्देश्य गुणवत्तापूर्ण, सुलभ और तकनीक-सक्षम उच्च शिक्षा को व्यापक स्तर तक पहुँचाना है।
