देश-विदेश की संगतों से गुलजार हुआ श्री दरबार साहिब, कल निकलेगी ऐतिहासिक नगर परिक्रमा

Spread the love

देहरादून। श्री झण्डे जी के भव्य आरोहण के बाद सोमवार को भी श्री दरबार साहिब में आस्था का अद्भुत नजारा देखने को मिला। देश-विदेश से आई संगतों के साथ देहरादून के हजारों श्रद्धालुओं ने श्री झण्डा साहिब पर शीश नवाकर अपनी मनोकामनाएं मांगी। अल सुबह से ही दरबार परिसर में श्रद्धालुओं की लंबी कतारें लगी रहीं और पूरा क्षेत्र “श्री गुरु राम राय जी महाराज” तथा श्रीमहंत देवेन्द्र दास जी महाराज के जयकारों से गूंज उठा।
दरबार श्री गुरु राम राय जी महाराज के सज्जादे गद्दी नशीन श्रीमहंत देवेन्द्र दास जी महाराज ने संगतों को दर्शन देकर आशीर्वाद प्रदान किया। अपने प्रेरणादायी उद्बोधन में उन्होंने गुरु महिमा और गुरु भक्ति का महत्व बताते हुए कहा कि गुरु की शरण में आकर ही मनुष्य सच्चे मार्ग का ज्ञान प्राप्त करता है। गुरु की वाणी अमृत के समान है, जो जीवन को पवित्र और सफल बनाती है। उन्होंने संगतों को प्रेम, सेवा, भक्ति और सदाचार के मार्ग पर चलने का संदेश दिया।
श्री झण्डा महोत्सव के अंतर्गत मंगलवार को ऐतिहासिक नगर परिक्रमा का आयोजन किया जाएगा। मेला अधिकारी विजय गुलाटी के अनुसार परंपरा के तहत झण्डा आरोहण के तीसरे दिन नगर परिक्रमा निकाली जाती है। सुबह 7:30 बजे श्री दरबार साहिब से शुरू होकर यह परिक्रमा सहारनपुर चौक, कांवली रोड, तिलक रोड, टैगोर विला, घंटाघर, पल्टन बाजार और रीठा मंडी सहित विभिन्न मार्गों से होते हुए दोपहर लगभग 12 बजे वापस दरबार साहिब पहुंचेगी। नगर परिक्रमा में लगभग 25 हजार से अधिक संगतों के शामिल होने की संभावना है।
सोमवार को पूरे दिन दरबार परिसर में गुरु महिमा के भजन-कीर्तन गूंजते रहे। “गुरु बिन घोर अंधेरा”, “सतगुरु तेरी महिमा अपरम्पार” और “मेरे सतगुरु दाता मेहर कर दाता” जैसे भजनों ने वातावरण को भक्तिमय बना दिया। श्रद्धालुओं ने पूरे उत्साह और श्रद्धा के साथ कीर्तन का आनंद लिया।
संगतों की सेवा के लिए श्री दरबार साहिब के भीतर और बाहर विभिन्न स्थानों पर लंगर की व्यवस्था की गई है, जहां दूर-दराज से आए श्रद्धालु प्रसाद ग्रहण कर रहे हैं। वहीं श्री महंत इन्दिरेश अस्पताल की चिकित्सकीय टीम भी स्वास्थ्य सेवाओं के लिए तैनात है।
इसी क्रम में श्री महंत इन्दिरेश अस्पताल और श्री महाकाल सेवा समिति के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित स्वैच्छिक रक्तदान शिविर में संगतों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। शिविर में लगभग 200 यूनिट रक्तदान किया गया, जिसमें महिलाओं ने भी बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *