श्रद्धा, सुरक्षा और सेवा का अद्भुत संगम — सावन के पहले दिन ऋषिकेश बना भक्ति का धाम

Spread the love

ऋषिकेश। सावन का महीना शुरू होते ही ऋषिकेश मुनिकीरेती लक्ष्मण झूला और नीलकंठ में कांवड़ियों की भीड़ उमड़ पड़ी है। नीलकंठ महादेव का जलाभिषेक करने के लिए पहले ही दिन हजारों कावड़ियों की आमद हुई है। लक्ष्मण झूला क्षेत्र हर हर महादेव बम बम भोले के जयकारों से गूंज रहा है। विधायक रेणु बिष्ट और परमार्थ निकेतन के स्वामी चिदानंद मुनि महाराज ने लक्ष्मण झूला क्षेत्र में कावड़ियों पर पुष्प वर्षा करके उनका स्वागत किया है। इस दौरान कांवड़ियों को विधायक और चिदानंद मुनि महाराज ने क्षेत्र की धार्मिक मर्यादा को बनाए रखने की अपील की है। सुरक्षा की दृष्टि से चप्पे चप्पे पर पुलिस तैनात दिखाई दी है। संदिग्धों पर सीसीटीवी कैमरों से पुलिस नजर रख रही है। नीलकंठ दर्शन कर वापस आने वाले कांवड़ियों ने पुलिस प्रशासन और सरकार की व्यवस्थाओं की जमकर प्रशंसा भी की है। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के आदेशों का पालन भी नीलकंठ कावड़ क्षेत्र में होता हुआ दिखाई दिया है। दुकानदारों ने फूड लाइसेंस और अपनी पहचान उजागर की हुई है। अंदाजा लगाया जा रहा है कि आने वाले सोमवार के दिन कावड़ियों की संख्या लाखों में पहुंचेगी। नीलकंठ मंदिर के पुजारी शिवानंद महाराज ने बताया है कि कांवड़ियों में जलाभिषेक के लिए काफी उत्साह देखा जा रहा है। श्रद्धा भाव के साथ अमृतवेले से ही नीलकंठ महादेव का जलेभिषेक हो रहा है। पुलिस कप्तान लोकेश्वर सिंह ने बताया कि नीलकंठ और लक्ष्मण झूला क्षेत्र में सुरक्षा के व्यापक इंतजाम किए गए हैं। कांवड़ियों को किसी भी प्रकार की परेशानी ना हो इस पर पूरा फोकस किया जा रहा है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *