छठ पर्व पर त्रिवेणी घाट गूंजा ‘छठी मैया के जयकारों’ से, दीपों से जगमगाया घाट परिसर

Spread the love

ऋषिकेश। सार्वजनिक पूजा समिति त्रिवेणी घाट (रजि.) की ओर से आज त्रिवेणी घाट प्रांगण में भव्य 31वें छठ पूजा कार्यक्रम का आयोजन श्रद्धा और उत्साह के साथ किया गया। कार्यक्रम में दूर-दूर से आए पूर्वांचल समाज के लोगों ने छठी मैया का आशीर्वाद लिया और माँ गंगा के पावन तट पर सूर्य देव को अर्घ्य अर्पित किया।

सुबह से ही घाट पर श्रद्धालुओं की भीड़ उमड़ी रही। स्त्रियों ने परंपरागत वेशभूषा में गंगा तट पर पूजा-अर्चना कर छठी मैया से परिवार के सुख-समृद्धि की कामना की। चारों ओर गूंजते छठ गीतों और गंगा आरती से वातावरण भक्तिमय बना रहा।

कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में हरिद्वार सांसद एवं उत्तराखंड के पूर्व मुख्यमंत्री श्री त्रिवेंद्र सिंह रावत ने शिरकत की। उन्होंने छठ पर्व को लोक आस्था और अनुशासन का प्रतीक बताते हुए कहा कि यह पर्व सामाजिक एकता और नारी शक्ति के संकल्प का उत्सव है।

इस अवसर पर समिति के अध्यक्ष राम कृपाल गौतम, नगर निगम ऋषिकेश के महापौर शम्भु पासवान, देहरादून के पूर्व महापौर सुनील उनियाल गामा, भाजपा जिला अध्यक्ष राजेंद्र तड़ियाल, नगर उद्योग व्यापार प्रतिनिधि मंडल के अध्यक्ष ललित मोहन मिश्रा, कार्यक्रम के संचालनकर्ता प्रदीप दुबे व दीनदयाल राजभर सहित अनेक गणमान्य व्यक्ति उपस्थित रहे।

भाजपा जिला महामंत्री एवं नगर उद्योग व्यापार प्रतिनिधि मंडल के महामंत्री प्रतीक कालिया ने सभी श्रद्धालुओं का स्वागत करते हुए कहा कि—

“छठ का व्रत सबसे कठिन और पवित्र व्रतों में से एक है। इस व्रत को धारण करने वाली सभी माताओं और बहनों को मेरा हृदय से प्रणाम। उनकी श्रद्धा और आस्था समाज को नई ऊर्जा देती है।”

 

संध्या होते ही घाट पर दीपों की लौ और गूंजते छठ गीतों के बीच श्रद्धालुओं ने सूर्य देव को अर्घ्य अर्पित किया। पूरा त्रिवेणी घाट भक्तिमय वातावरण में छठी मैया के जयकारों से गूंज उठा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *