ऋषिकेश। उत्तराखंडी लोकआस्था, संस्कृति और धार्मिक विरासत को सशक्त रूप से पर्दे पर प्रस्तुत करने वाली उत्तराखंडी फ़ीचर फ़िल्म ‘माँ सुरकण्डा’ आगामी शुक्रवार 6 फरवरी 2026 से ऋषिकेश के रामा पैलेस सिनेमा हॉल में प्रतिदिन सुबह 11:15 बजे एक विशेष शो में प्रदर्शित की जाएगी।
फ़िल्म के प्रदर्शन की जानकारी अंतरराष्ट्रीय गढ़वाल महासभा के देहरादून रोड स्थित ऋषिकेश कार्यालय में आयोजित कार्यक्रम के दौरान दी गई। इस अवसर पर महासभा के संस्थापक अध्यक्ष डॉ. राजे सिंह नेगी एवं फ़िल्म से जुड़ी स्टार कास्ट ने संयुक्त रूप से फ़िल्म के पोस्टर का लोकार्पण किया।
डॉ. राजे सिंह नेगी ने कहा कि पी.आर. फ़िल्म प्रोडक्शन के बैनर तले निर्मित यह फ़िल्म उत्तराखंड की लोकसंस्कृति, धार्मिक परंपराओं और देवी माँ सुरकण्डा की महिमा को प्रभावशाली ढंग से प्रस्तुत करती है। उन्होंने कहा कि ‘माँ सुरकण्डा’ केवल एक फ़िल्म नहीं, बल्कि श्रद्धा, विश्वास और संस्कारों से जुड़ी वह आध्यात्मिक यात्रा है, जो दर्शकों को अपनी सांस्कृतिक जड़ों से जोड़ने का कार्य करेगी।
फ़िल्म के माध्यम से दर्शकों को माँ सुरकण्डा की धार्मिक चेतना, लोकपरंपराओं और आध्यात्मिक मूल्यों का जीवंत अनुभव प्राप्त होगा। निर्माता मंडल का विश्वास है कि यह फ़िल्म न केवल उत्तराखंडी समाज बल्कि अन्य प्रदेशों के दर्शकों के बीच भी विशेष स्थान बनाएगी।
फ़िल्म के निर्माता प्रेम सिंह एवं राजेन्द्र प्रसाद भट्ट हैं, जबकि निर्देशन अशोक चौहान ‘आशु’ ने किया है। फ़िल्म के गीत-संगीत, नृत्य, छायांकन एवं तकनीकी पक्ष को अनुभवी टीम ने सशक्त रूप दिया है। उत्तराखंडी लोकसंगीत के प्रतिष्ठित गायकों की आवाज़ फ़िल्म का विशेष आकर्षण है।
फ़िल्म में सुशीला रावत, राजेश मालगुड़ी, राकेश गौड़, सावन गैरोला, दीक्षा बड़ोनी, साक्षी काला, डॉ. शशि भूषण नेगी सहित कई कलाकारों ने महत्वपूर्ण भूमिकाएँ निभाई हैं। वहीं सबके चहेते दादू आशु भाई फ़िल्म में विशेष उपस्थिति में नजर आएंगे।
अंतरराष्ट्रीय गढ़वाल महासभा के अध्यक्ष डॉ. राजे सिंह नेगी ने क्षेत्रवासियों से अपील की है कि वे परिवार सहित सिनेमाघरों में पहुँचकर इस आध्यात्मिक एवं सांस्कृतिक फ़िल्म को देखें और माँ सुरकण्डा का आशीर्वाद प्राप्त करें।
देवी आस्था पर आधारित उत्तराखंडी फ़िल्म ‘माँ सुरकण्डा’ 6 फरवरी से सिनेमाघरों में
