देहरादून। एलपीजी गैस की कालाबाजारी और आपूर्ति से जुड़ी शिकायतों पर जिला प्रशासन ने शनिवार को जिले भर में बड़ा अभियान चलाते हुए 17 गैस एजेंसियों, 45 प्रतिष्ठानों और 5 पेट्रोल पंपों का औचक निरीक्षण किया। इस दौरान 19 गैस सिलेंडर जब्त किए गए, जबकि कालाबाजारी के आरोप में दो लोगों को गिरफ्तार कर उनके खिलाफ मुकदमे दर्ज किए गए।
जिलाधिकारी सविन बंसल के निर्देश पर जिला प्रशासन, जिला आपदा प्रबंधन प्राधिकरण और जिला खाद्य पूर्ति विभाग की संयुक्त टीमों ने यह कार्रवाई की। अधिकारियों के अनुसार डोईवाला क्षेत्र में गैस की कालाबाजारी का मामला सामने आने पर प्राथमिकी दर्ज की गई और दो आरोपियों को मौके से गिरफ्तार किया गया।
जिला प्रशासन द्वारा एलपीजी से संबंधित शिकायतों के समाधान के लिए कंट्रोल रूम भी सक्रिय किया गया है। प्रशासन की ओर से जारी हेल्पलाइन नंबर 1077, 0135-2626066, 2726066 और व्हाट्सएप नंबर 7534826066 पर शाम 5 बजे तक गैस आपूर्ति से संबंधित कुल 341 शिकायतें दर्ज हुईं। कंट्रोल रूम में गैस एजेंसियों के प्रतिनिधियों और प्रशासनिक अधिकारियों की मौजूदगी में शिकायतों का तत्काल समाधान किया जा रहा है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार शनिवार को जिले में लगभग 29,120 घरेलू उपभोक्ताओं और 69 व्यावसायिक उपभोक्ताओं को गैस सिलेंडर की आपूर्ति की गई। वहीं घरेलू गैस सिलेंडर का करीब 67 हजार का बैकलॉग बना हुआ है। एक मार्च से अब तक जिले में 1,91,548 घरेलू और 15,336 व्यावसायिक सिलेंडरों का वितरण किया जा चुका है, जबकि 31,807 सिलेंडर स्टॉक में उपलब्ध हैं।
प्रशासन का कहना है कि मांग के अनुसार गैस की आपूर्ति बढ़ा दी गई है और जल्द ही बैकलॉग कम होने की उम्मीद है। प्रशासन ने लोगों से अपील की है कि वे घबराएं नहीं, होम डिलीवरी के माध्यम से सभी उपभोक्ताओं तक गैस पहुंचाई जा रही है। साथ ही शहरी क्षेत्रों में 25 दिन और ग्रामीण क्षेत्रों में 45 दिन बाद ही अगला सिलेंडर बुक कराने की व्यवस्था लागू की गई है।
डीएम सविन बंसल की कार्रवाई से मचा हड़कंप, गैस एजेंसियों और प्रतिष्ठानों पर छापे, 19 सिलेंडर जब्त
