महानिदेशक बंशीधर तिवारी के नेतृत्व में पत्रकार कल्याण को मिली नई गति, सहायता और पेंशन प्रस्ताव स्वीकृत

Spread the love

देहरादून। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के निर्देशों के अनुपालन में सूचना महानिदेशक बंशीधर तिवारी की अध्यक्षता में मंगलवार को सूचना निदेशालय में पत्रकार कल्याण कोष (कॉरपस फंड) एवं मुख्यमंत्री पत्रकार सम्मान पेंशन योजना समिति की महत्वपूर्ण बैठक आयोजित हुई। बैठक में पत्रकारों एवं उनके आश्रितों के हितों से जुड़े विभिन्न प्रकरणों पर विचार करते हुए राहत और सम्मान से जुड़े अहम निर्णय लिए गए।

समिति ने पत्रकार कल्याण कोष के अंतर्गत नौ दिवंगत पत्रकारों के आश्रितों को पांच-पांच लाख रुपये की आर्थिक सहायता प्रदान किए जाने की संस्तुति की। इसके अलावा मुख्यमंत्री पत्रकार सम्मान पेंशन योजना के तहत तीन वरिष्ठ पत्रकारों को आठ हजार रुपये प्रतिमाह की सम्मान पेंशन स्वीकृत किए जाने की भी अनुशंसा की गई।

बैठक की अध्यक्षता करते हुए सूचना महानिदेशक बंशीधर तिवारी ने कहा कि राज्य सरकार पत्रकारों के सम्मान, सुरक्षा और सामाजिक सरोकारों के प्रति पूरी संवेदनशीलता के साथ कार्य कर रही है। उन्होंने कहा कि विषम परिस्थितियों में पत्रकारों एवं उनके आश्रितों को समय पर आर्थिक सहायता उपलब्ध कराना सरकार की प्राथमिकता है। इसी उद्देश्य से समितियों की नियमित बैठकें आयोजित कर प्रत्येक प्रकरण का संवेदनशीलता और पारदर्शिता के साथ त्वरित निस्तारण सुनिश्चित किया जा रहा है।

उन्होंने कहा कि पत्रकार लोकतंत्र के चौथे स्तंभ के रूप में समाज और शासन के बीच महत्वपूर्ण कड़ी हैं। ऐसे में उनके कल्याण और सम्मान से जुड़े मामलों में किसी प्रकार की शिथिलता नहीं बरती जाएगी।

बैठक में अपर निदेशक आशीष कुमार त्रिपाठी, संयुक्त निदेशक के.एस. चौहान, वरिष्ठ वित्त अधिकारी श्रीमती शशि सिंह तथा समिति के सदस्य लक्ष्मण सिंह नेगी, अमित शर्मा एवं श्रीमती शशि शर्मा उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *