अनिता ममगाई बोलीं—’वृक्ष हमारे जीवन का आधार’, वृक्षारोपण अभियान में लिया हरियाली बढ़ाने का संकल्प

Spread the love

ऋषिकेश। लाल बीट वन क्षेत्र में वन विभाग एवं पूर्व मेयर श्रीमती अनिता ममगाई के तत्वावधान में गुरुवार को भव्य वृक्षारोपण कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम के दौरान विभिन्न प्रजातियों के पौधे रोपे गए तथा उपस्थित लोगों ने पर्यावरण संरक्षण और वृक्षों के संवर्धन की सामूहिक शपथ ली।

कार्यक्रम की शुरुआत पूर्व मेयर अनिता ममगाई द्वारा पौधारोपण के साथ हुई। इसके बाद वन विभाग के अधिकारियों, कर्मचारियों एवं सामाजिक कार्यकर्ताओं ने मिलकर नीम, पीपल, बरगद, अशोक तथा विभिन्न फलदार प्रजातियों के पौधे लगाए। इस अवसर पर सभी प्रतिभागियों ने लगाए गए पौधों की नियमित देखभाल और संरक्षण का संकल्प भी लिया।

पूर्व मेयर अनिता ममगाई ने कहा कि वृक्ष मानव जीवन का आधार हैं और पर्यावरण संरक्षण प्रत्येक नागरिक की जिम्मेदारी है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री Narendra Modi के पर्यावरण संरक्षण के विजन को आगे बढ़ाने के लिए सभी को वृक्षारोपण को जनआंदोलन बनाना होगा। आज लिया गया संकल्प आने वाली पीढ़ियों को स्वच्छ, सुरक्षित और हराभरा भविष्य देने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है।

वन विभाग के अधिकारी सुनील भदुला ने कहा कि विभाग जिलेभर में लगातार वृक्षारोपण अभियान चला रहा है। उन्होंने नागरिकों से पौधे लगाने के साथ-साथ उनकी सुरक्षा एवं नियमित देखभाल सुनिश्चित करने की अपील की। साथ ही जलवायु परिवर्तन, प्रदूषण नियंत्रण और वनों के महत्व पर भी विस्तार से जानकारी दी गई।

कार्यक्रम में पार्षद राजेश कोटियाल, वन दरोगा प्रतिमा, वन दरोगा अवतार सिंह रावत, रोशन ध्यानी, ममता रावत, राखी बिष्ट, वन आरक्षी अंशु, ज्योति, अरविंद सिंह, वृक्षारोपण चौकीदार वासुदेव एवं प्रिंस सहित अनेक गणमान्य नागरिक और वन विभाग के अधिकारी-कर्मचारी उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *