बदरी-केदार में आस्था का विराट विस्तार, दूसरे चरण के लिए द्विवेदी ने व्यवस्थाओं को दिया धारदार दिशा-निर्देश

Spread the love

देहरादून। उत्तराखंड की चारधाम यात्रा ने बरसात की चुनौती के बीच भी अपनी रफ्तार बनाए रखी है। श्री बदरीनाथ और श्री केदारनाथ धाम में लगातार बढ़ती श्रद्धालुओं की संख्या को देखते हुए बदरीनाथ-केदारनाथ मंदिर समिति (बीकेटीसी) ने यात्रा के दूसरे चरण की तैयारियों को अंतिम रूप देना शुरू कर दिया है। बीकेटीसी अध्यक्ष हेमंत द्विवेदी के अनुसार, सितंबर के दूसरे सप्ताह से यात्रा के दूसरे चरण में श्रद्धालुओं की संख्या बढ़ने की संभावना है। इसे देखते हुए मंदिर समिति से जुड़ी व्यवस्थाओं की लगातार समीक्षा की जा रही है।

31 अगस्त 2026 तक श्री बदरीनाथ धाम में 16,78,008 और श्री केदारनाथ धाम में 14,73,325 तीर्थयात्री दर्शन कर चुके हैं। दोनों धामों को मिलाकर अब तक 31,51,333 श्रद्धालु दर्शन कर चुके हैं। वहीं यात्रा के लिए श्री बदरीनाथ धाम में 18,82,199 और श्री केदारनाथ धाम के लिए 20,45,644 यात्रियों ने पंजीकरण कराया है। इस तरह दोनों धामों के लिए कुल पंजीकरण का आंकड़ा 39,27,843 पहुंच गया है।

बीकेटीसी अध्यक्ष हेमंत द्विवेदी ने कहा कि मौसम की प्रतिकूल परिस्थितियों के बावजूद चारधाम यात्रा जारी है और यात्रा मार्गों पर सड़क यातायात सामान्य रूप से संचालित हो रहा है। उन्होंने कहा कि दूसरे चरण में देश के विभिन्न हिस्सों से बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं के पहुंचने की उम्मीद है। ऐसे में मंदिर परिसरों में दर्शन व्यवस्था के साथ ही स्वच्छता, पेयजल, विद्युत, आवास और अन्य मूलभूत सुविधाओं को दुरुस्त रखने पर विशेष जोर दिया जा रहा है।

उन्होंने अधिकारियों और कर्मचारियों को निर्देश दिए हैं कि दूसरे चरण की यात्रा शुरू होने से पहले सभी आवश्यक व्यवस्थाएं निर्धारित समयसीमा में पूरी कर ली जाएं। श्रद्धालुओं को सुगम दर्शन और बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराना बीकेटीसी की प्राथमिकता है।

द्विवेदी ने देश-विदेश से चारधाम पहुंचने वाले श्रद्धालुओं से अपील की कि वे मौसम और यात्रा परिस्थितियों को ध्यान में रखते हुए प्रशासन, मौसम विभाग तथा बीकेटीसी की ओर से जारी दिशा-निर्देशों का पालन करें। उन्होंने कहा कि यात्रियों और प्रशासन के सामूहिक सहयोग से ही चारधाम यात्रा को सुरक्षित और व्यवस्थित बनाया जा सकता है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *