आईएपी क्विज में हिमालयन इंस्टीट्यूट की मेधा का दम, ओम-जान्हवी की जोड़ी अव्वल

Spread the love

देहरादून/डोईवाला। हिमालयन इंस्टीट्यूट ऑफ मेडिकल साइंसेज (हिम्स), जौलीग्रांट में आयोजित 39वीं यूजी आईएपी क्विज-2026 के कॉलेज राउंड में एमबीबीएस विद्यार्थियों ने बाल रोग के क्षेत्र में अपनी शैक्षणिक समझ, क्लीनिकल रीजनिंग और डायग्नोस्टिक दक्षता का प्रभावी प्रदर्शन किया। बाल रोग विभाग की ओर से आदि कैलाश सभागार में आयोजित प्रतियोगिता में विद्यार्थियों ने विभिन्न चिकित्सकीय परिस्थितियों से जुड़े सवालों का आत्मविश्वास के साथ जवाब देकर अपनी तैयारी का परिचय दिया।

प्रतियोगिता में ओम बोरकर और जान्हवी टापरिया की टीम ने प्रथम स्थान हासिल किया, जबकि सुमित मिश्रा और सिमरन शर्मा रनर-अप रहे। विजेता टीम को अब यूजी आईएपी क्विज के डिविजनल राउंड में हिमालयन इंस्टीट्यूट ऑफ मेडिकल साइंसेज का प्रतिनिधित्व करने का अवसर मिलेगा, जहां राज्य के अन्य मेडिकल कॉलेजों की विजेता टीमें मुकाबले में शामिल होंगी।

विजेता एवं रनर-अप टीमों को हिम्स के प्रति-कुलपति डॉ. ए.के. देवरानी और महानिदेशक (शैक्षणिक विकास) डॉ. विजेन्द्र चौहान ने प्रमाण पत्र प्रदान किए। इस मौके पर डॉ. देवरानी ने विद्यार्थियों की शैक्षणिक तैयारी, आत्मविश्वास और विषयगत दक्षता की सराहना करते हुए निरंतर अध्ययन और उत्कृष्टता की दिशा में आगे बढ़ने का आह्वान किया। डॉ. विजेन्द्र चौहान ने कहा कि ऐसी प्रतियोगिताएं विद्यार्थियों में प्रतिस्पर्धात्मक भावना के साथ-साथ क्लीनिकल सोच विकसित करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाती हैं।

बाल रोग विभागाध्यक्ष डॉ. सनोबर वसीम ने इंडियन एकेडमी ऑफ पीडियाट्रिक्स की शैक्षणिक भूमिका और युवा चिकित्सकों के ज्ञान को निरंतर समृद्ध करने में इसके योगदान पर प्रकाश डाला। उन्होंने कहा कि इस तरह की गतिविधियां विद्यार्थियों को पाठ्यक्रम से आगे बढ़कर चिकित्सा के व्यावहारिक पक्ष को समझने का अवसर देती हैं।

क्विज का संचालन डॉ. नीरुल पंडिता और डॉ. सोनम अग्रवाल ने किया। कार्यक्रम में डॉ. अल्पा गुप्ता, डॉ. अनिल रावत, डॉ. आशीष कुमार सिमल्टी, डॉ. नितिका अग्रवाल, डॉ. राकेश कुमार, डॉ. ज्योति वालिया, डॉ. मंदीप खालसा, डॉ. तल्हा रहमान और डॉ. हरप्रीत कौर सहित विभाग के चिकित्सक एवं अन्य सदस्य उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *